शनिवार, 6 जुलाई 2019

नंदा देवी अभियान : टीम लीडर का शव नहीं मिला

नैनीताल, छह जुलाई (भाषा) नंदा देवी पूर्वी की चोटी पर चढ़ाई करने वाली आठ सदस्यीय टीम का नेतृत्व करने वाले ब्रिटेन के प्रख्यात पर्वतारोही मार्टिन मोरान का शव नहीं मिला है। नैनीताल के जिलाधिकारी साविन बंसल ने बताया कि चोटी के पश्चिमी रिज से बरामद सात शवों की पहचान के बाद यह तथ्य सामने आया है। मोरान प्रसिद्ध पर्वतारोही थे, जो पहले दो बार चोटी की चढ़ाई कर चुके हैं। आठ सदस्यीय टीम 25 मई से लापता थी लेकिन आईटीबीपी को चोटी के पश्चिमी रिज से शवों को निकालने में करीब एक महीने का वक्त लग गया। उन्होंने कहा कि भारतीय पर्वतारोहण फाउंडेशन के संपर्क अधिकारी चेतन पांडेय के शव की पहचान उनके रिश्तेदारों ने बुधवार को की। शेष छह शवों की पहचान शनिवार को हुई जब दिल्ली में उनके संबंधित दूतावासों एवं उच्चायोगों को उनके फोटो भेजे गए। जिलाधिकारी ने बताया कि आज जिनकी पहचान हुई उनमें ब्रिटेन के जॉन चार्ल्स मैकलारेन, रिचर्ड पायने और रूपर्ट जेम्स व्हेवेल, अमेरिका के एंथनी एडवर्ड सुडेकम और रोनाल्ड इसाक बाइमेल तथा ऑस्ट्रेलिया की महिला पर्वतारोही रूथ मारग्रेट मैक केंस शामिल हैं।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/2xBL7ek

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें