पिथौरागढ, पांच जुलाई (भाषा) पिथौरागढ़ और टनकपुर में दो जगह हुए भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-125 शुक्रवार को करीब नौ घंटे बाधित रहा जिससे यात्रियों को बहुत परेशानी उठानी पड़ी। एक अधिकारी ने बताया कि इस मार्ग से रोजाना करीब 5000 लोग गुजरते हैं। अधिशासी अभियंता एल डी माथेला ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक जगह मलबा फैल गया। किसी तरह उसे हटाया गया लेकिन तभी थोड़ी ही दूर एक और जगह पर उससे बड़ा भूस्खलन हो गया जिससे सड़क फिर बाधित हो गयी। उन्होंने बताया कि इस मलबे को हटाने में कई घंटे लगे जिससे यातायात बंद रहा। इससे हल्द्वानी, अल्मोड़ा और बरेली में सेंट्रल टीचर्स एलिजिबिलिटी टेस्ट देने जा रहे छात्रों को बहुत असुविधा हुई। इसके अलावा रास्ते में कहीं कोई खाने की दुकान या चाय का स्टाल न होने के कारण स्कूल से लौटने वाले बच्चों को भी कई घंटे भूखा रहना पड़ा। हांलांकि, माथेला ने बताया कि मलबा हटाने के बाद करीब नौ घंटे बाद शाम पांच बजे यातायात सुचारू हो गया।
from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/2NyJxot
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें