देहरादून, तीन जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के बदायूं में हुए बलात्कार और हत्या की सत्य घटना पर आधारित फिल्म 'आर्टिकल 15' के रूडकी में प्रदर्शन पर लगी अस्थायी रोक को प्रशासन ने बुधवार को हटा दिया। आर आर सिनेमा हॉल में चल रही आयुष्मान खुराना अभिनीत इस फिल्म के प्रदर्शन पर कल कानून और व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की आशंका के मद्देनजर रोक लगायी गयी थी। सिनेमा हॉल के प्रबंधक को लिखे एक पत्र में रूडकी के उप जिलाधिकारी रविंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि फिल्म के प्रदर्शन पर लगी अस्थायी रोक हटा दी गयी है। हालांकि उपजिलाधिकारी ने सिनेमा हाल प्रबंधन को कहा है कि अगर फिल्म के प्रदर्शन को लेकर उन्हें किसी प्रकार की धमकी मिलती है तो वे पुलिस और प्रशासन को सूचित करें। उन्होंने बताया कि हिंदू सेना तथा अन्य संगठनों द्वारा फिल्म पर एक समुदाय विशेष की छवि बिगाडने का आरोप लगाये जाने के बाद कानून और व्यवस्था के बिगड़ने की आशंका के मद्देनजर फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगायी गयी थी।
from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/329ttwQ
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें