रविवार, 19 जुलाई 2020

मोदी ने मुख्यमंत्री से उत्तराखंड में कोविड-19 से ग्रस्त सैनिकों के बारे में जानकारी ली

देहरादून, 19 जुलाई :भाषा: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत से बात कर उत्तराखंड में कोविड—19 से ग्रस्त सैनिकों के बारे में जानकारी ली और उनके समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री रावत से फोन पर बात करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना वायरस से संक्रमित सैनिकों के स्वास्थ्य लाभ की कामना की और कहा कि राज्य सरकार और सेना के अधिकारी आपसी समन्वय बनाए रखते हुए इनके समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करें। यहां जारी एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि सेना से लगातार संपर्क किया जा रहा है और हर आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। कल शनिवार को जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, देहरादून में कल शनिवार को संक्रमित पाए गये 50 मामलों में से 10 सेना के हैं। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी कई सैनिकों में कोविड 19 की पुष्टि हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने राज्य में कोविड-19 की स्थिति की जानकारी देते हुए कहा कि पिछले दिनों प्रदेश में मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है परंतु स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि राज्य में सर्विलांस और सैंपलिंग में काफी बढोत्तरी की गई है तथा आईसीयू, वेंटिलेटर और ऑक्सीजन सपोर्ट की सुविधाएं भी लगातार बढाई जा रही हैं। प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री से मानसून के दृष्टिगत राज्य में आपदा प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान देने को कहा और कहा कि केंद्र से आवश्यकतानुसार हर सहयोग दिया जाएगा।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/2OGuiHL

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें