गुरुवार, 6 अगस्त 2020

महिला ने की खुदकुशी, लिपस्टिक से शीशे पर लिखा सुसाइड नोट

पुलकित शुक्ला, हरिद्वार के शिवालिक नगर में एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शिक्षिका ने लिपस्टिक से शीशे पर एक सुसाइड नोट भी छोड़ा। जिस पर उसने लिखा है कि उसकी जीने की इच्छा खत्म हो गई है। बताया जा रहा है कि महिला डिप्रेशन में थी। महिला का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र की पॉश कॉलोनी शिवालिक नगर में नवनीत शर्मा का मकान है। नवनीत शर्मा सिडकुल स्थित एक औद्योगिक कंपनी में कार्यरत हैं। जबकि उनकी 45 वर्षीय पत्नी मनीषा शर्मा अहमदपुर ग्रंट गांव के जूनियर हाई स्कूल में शिक्षिका के पद पर तैनात थी। मनीषा ने मंगलवार रात अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब पति नवनीत शर्मा घर पहुंचे तो उन्होंने मनीषा को फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया। नवनीत ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शिक्षिका के शव को फंदे से नीचे उतार कर जांच पड़ताल शुरू की। तलाशी के दौरान पुलिस को ड्रेसिंग टेबल के शीशे पर लिपस्टिक से लिखा हुआ एक सुसाइड नोट भी मिला। शीशे पर मनीषा ने लिखा था कि उनकी जीने की इच्छा समाप्त हो गई है और उनकी मौत के लिए कोई भी जिम्मेदार नहीं है। रानीपुर कोतवाली प्रभारी योगेश देव का कहना है कि शिक्षिका की खुदकुशी का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। परिवार वाले भी किसी तरह के वाद विवाद और कलह होने की बात से इनकार कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच गंभीरता से कर रही है।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/2C5dwPX

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें