पुलकित शुक्ला, देहरादून उत्तराखंड जनरल-ओबीसी एंप्लॉयीज असोसिएशन के कर्मचारियों ने बुधवार को कार्य बहिष्कार किया। असोसिएशन के अध्यक्ष दीपक जोशी के खिलाफ जांच के आदेश वापस लिए जाने की मांग को लेकर कर्मचारी लगातार विरोध जाहिर कर रहे हैं। मंगलवार को उपवास पर रहने के बाद असोसिएशन के कर्मचारियों ने आज प्रदेश भर में काम का बॉयकॉट किया। इससे पहले एसोसिएशन ने काली पट्टी बांधकर भी अपना विरोध जताया था। असोसिएशन के अध्यक्ष दीपक जोशी के खिलाफ जांच के आदेश वापस लेने की मांग को लेकर असोसिएशन के लोग कई जनप्रतिनिधियों को भी ज्ञापन सौंप चुके हैं। उत्तराखंड के राजकीय कर्मचारियों के जनरल-ओबीसी वर्ग से आने वाले कर्मचारियों के संगठन उत्तराखंड जनरल-ओबीसी एंप्लॉयीज असोसिएशन का लगातार कर्मचारियों के हितों को लेकर सरकार से टकराव होता रहता है। जुलाई के पहले सप्ताह में असोसिएशन के अध्यक्ष दीपक जोशी के खिलाफ सचिवालय अनुभाग अधिकारी के रूप में सरकार की नीतियों के खिलाफ बयानबाजी का आरोप लगाते हुए जांच के आदेश दिए गए थे। इसके बाद से असोसिएशन से जुड़े कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। वे लगातार जांच के आदेश वापस लेने की मांग कर रहे हैं। बड़े आंदोलन की दी चेतावनी असोसिएशन के मुख्य संयोजक महेश बहुगुणा का कहना है कि सरकार साजिश के तहत दीपक जोशी को फंसाने की कोशिश कर रही है। सरकार का यह उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर दीपक जोशी के खिलाफ जांच वापस नहीं ली गई तो असोसिएशन के कर्मचारी सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होंगे। बुधवार के कार्य बहिष्कार के बाद अब असोसिएशन के पदाधिकारी बैठकर आगे की रणनीति तैयार करेंगे।
from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/3i8wdC9
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें