गुरुवार, 10 सितंबर 2020

उत्तराखंड में लगातार दूसरे दिन कोविड-19 के 1000 से अधिक नये मामले सामने आये

देहरादून, 10 सितंबर (भाषा) उत्तराखंड में बृहस्पतिवार को कोविड-19 के 1015 नए मामले सामने आये। राज्य में लगातार दूसरे दिन कोविड-19 के एक हजार से अधिक नये मामले सामने आये। वहीं प्रदेश में पांच और मरीजों की संक्रमण से मौत हो गयी। यह जानकारी राज्य के स्वास्थ्य विभाग के एक बुलेटिन में दी गई। यहां प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, 1015 नए मरीजों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि होने से प्रदेश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 28226 हो गयी। बुलेटिन के अनुसार कोविड-19 के सर्वाधिक 275 नये मामले देहरादून जिले में सामने आये जबकि उधमसिंह नगर में 248, हरिद्वार में 157 और नैनीताल में 118 मामले सामने आए। इसके अनुसार बृहस्पतिवार को राज्य में संक्रमण से पांच और मरीजों की मौत हो गई। इनमें से तीन की मौत एम्स ऋषिकेश में हुई जबकि एक—एक मरीज की मौत हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल तथा दून मेडिकल कॉलेज में हुई। प्रदेश में मृतक संख्या बढ़कर 377 हो गई है। बुलेटिन में कहा गया है कि प्रदेश में अब तक कुल 18783 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं और उपचाराधीन मामलों की संख्या 8955 है। प्रदेश में कोविड-19 के 111 मरीज प्रदेश से बाहर चले गए हैं।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/3hn1nEt

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें