रविवार, 4 अगस्त 2019

पति की पिटाई से घायल महिला ने दम तोड़ा, तीन बच्चों की पहले ही हो गयी थी मौत

देहरादून, चार अगस्त (भाषा) देहरादून के निकट डोइवाला क्षेत्र में चार दिन पहले पति द्वारा डंडे की पिटायी से गंभीर रूप से घायल महिला ने रविवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। तीस जुलाई को सामने आयी इस वीभत्स घटना में दम्पति के तीनों बच्चों की भी मौत हो गयी थी। पुलिस ने बताया कि घटना में बुरी तरह से घायल रीना देवी (40) की भी आज जौलीग्रांट अस्पताल में मृत्यु हो गयी। उन्होंने बताया कि पिता की बेरहमी की शिकार रीना देवी की 11 वर्षीया पुत्री भूमिका ने दो अगस्त को दम तोड़ दिया था जबकि उनके दो अन्य बच्चों, विनय (13) और मुसकान (नौ) की घटना वाले दिन ही मृत्यु हो गयी थी। पुलिस ने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद खुद भी पंखे से लटककर जान देने का प्रयास करने वाले आरोपी मान सिंह उर्फ राम सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके उसे जेल भेज दिया गया है। मान सिंह ने गत 30 जुलाई की सुबह अपनी पत्नी रीना, पुत्र विनय, पुत्रियों भूमिका और मुसकान को डंडे से बुरी तरह पीटा था। चीख पुकार सुनकर आरोपी के घर पहुंचे पड़ोसियों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया था। इस बीच, मानसिंह ने खुद भी पंखे से लटककर जान देने का प्रयास किया लेकिन पड़ोसियों ने उसे बचा लिया और उसे भी अस्पताल पहुंचाया। सिर में गंभीर चोटों के कारण विनय और मुसकान ने अस्पताल में उपचार के दौरान उसी दिन दम तोड़ दिया। रीना देवी के परिवार वालों ने मान सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया। जांच से पता चला है कि मानसिंह के अपनी पत्नी से संबंध तनावपूर्ण थे।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/2OH7zOK

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें