देहरादून, छह अगस्त (भाषा) उत्तराखंड के टिहरी जिले में मंगलवार सुबह एक स्कूली वाहन के खड्ड में गिरने से उसमें सवार नौ बच्चों की मृत्यु हो गयी जबकि 10 अन्य घायल हो गये। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मृतक बच्चों के परिजन के प्रति गहरी संवेदना जतायी है। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज का निर्देश दिया है। घटना की मजिस्ट्रेटी जांच का आदेश भी दिया है। राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब साढे सात बजे प्रतापनगर तहसील के लंबगांव—मदननेगी मोटर मार्ग पर हुई जब 18—22 बच्चों को लेकर स्कूल जा रही टाटा सूमो अचानक अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरी। सूचना मिलने पर पुलिस तथा एसडीआरएफ के जवानों ने मौके पर पहुंच कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने बताया कि हादसे में नौ बच्चों की मौत हो गयी तथा 10 अन्य घायल हो गये। उन्होंने बताया कि घायल बच्चों को बौराडी स्थित टिहरी जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां भर्ती गंभीर रूप से घायल चार बच्चों को हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर ऋषिकेश एम्स लाया गया। वे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती हैं। एंजेल इंटरनेशनल नाम के निजी स्कूल में पढने वाले ये बच्चे कंगसाली गांव के निवासी थे। इन सभी बच्चों की उम्र चार से 13 साल की थी।
from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/33hh8qG
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें