मंगलवार, 6 अगस्त 2019

बारिश के चलते भूस्खलन से बस पर बोल्डर गिरे, एक श्रद्धालु की मौत

देहरादून, छह अगस्त (भाषा) पहाडों पर लगातार हो रही बारिश से उत्तराखंड की सभी नदियां उफान पर हैं जबकि कई जगह भूस्खलन और बादल फटने की घटनायें भी सामने आयीं जिनमें उत्तर प्रदेश के एक श्रद्धालु की मृत्यु हो गयी । राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) से मिली जानकारी के अनुसार, चमोली जिले में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन की दृष्टि से अतिसंवेदनशील लामबगड क्षेत्र में एक बस पहाडी से गिरने वाले पत्थरों की चपेट में आ गयी जिससे उसमें सवार बिजनौर जिले के राजू कुमार :20: की मृत्यु हो गयी । इस घटना में आठ अन्य घायल भी हो गये । बस में 13 व्यक्ति सवार थे जो बदरीनाथ धाम के दर्शन कर लौट रहे थे । घायलों में से तीन श्रद्धालु मुंबई के रहने वाले थे । घायलों को निकटवर्ती पांडुकेश्वर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है । मौके पर राहत और बचाव कार्य अभी चल रहा है । दूसरी तरफ, चमोली जिले के गैरसैंण क्षेत्र में आज बादल फटने की एक घटना सामने आयी है । अति दुर्गम क्षेत्र होने के कारण अभी वहां किसी नुकसान का आकलन नहीं हो पाया है । हांलांकि, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों को मौके की ओर रवाना कर दिया गया । प्रदेश के ज्यादातर पहाडी इलाकों तथा नदियों के कैचमैंट एरिया में पिछले दो दिन से हो रही बारिश से गंगा और यमुना समेत सभी नदियों का जलस्तर बढता जा रहा है । पिथौरागढ में काली नदी और उधमसिंह नगर में रामगंगा सहित कुमांउ क्षेत्र की अन्य नदियां भी उफान पर हैं । देहरादून और निकटवर्ती मसूरी में पिछले दो दिनों से रूक-रूक कर बारिश जारी है जबकि मौसम केंद्र ने अगले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश स्थानों में हल्की से मध्यम वर्षा तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की चेतावनी जारी की है । मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में उत्तराखंड में कहीं-कहीं विशेषकर उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ, नैनीताल, पौडी तथा देहरादून जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना व्यक्त करते हुए अलर्ट जारी किया है ।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/31paHjB

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें