मंगलवार, 8 जून 2021

मसूरी में दो लेन सुरंग के निर्माण के लिए 700 करोड़ की धनराशि मंजूर

देहरादून, आठ जून (भाषा) केंद्र सरकार ने पहाडों की रानी मसूरी में शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए माल रोड से लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक अकादमी के मध्य 2.74 किलोमीटर लंबी दो लेन की सुरंग के निर्माण के लिए 700 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने ट्विटर के जरिये इसकी जानकारी दी।

गडकरी ने ट्वीट कर कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 707 ए पर मसूरी में माल रोड से लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक अकादमी तक 2.74 किलोमीटर लंबी सुरंग के निर्माण के लिए 700 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी गई है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने भी टवीट कर इस स्वीकृति के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुरंग बनने से मसूरी शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार तथा आवागमन में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि सुरंग बनने से इसके आसपास की सडकों के चौडीकरण एवं सुदृढ़ीकरण से आम जनता को सुविधा होने के साथ ही आपदा की स्थिति में राहत व बचाव कार्यों में भी मदद मिलेगी ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे जौनसार बावर क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी और बेहतर होगी तथा इस पिछडे क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में भी मदद मिलेगी । मुख्यमंत्री रावत ने अपने दिल्ली दौरे के दौरान सोमवार को गडकरी से मुलाकात के दौरान परियोजना के लिए धन स्वीकृत करने का अनुरोध किया था।



from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/3zbOyXW

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें