बुधवार, 5 जनवरी 2022

पंजाब में प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक कांग्रेस की साजिश: प्रह्लाद जोशी

देहरादून, पांच जनवरी (भाषा) केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी ने पंजाब यात्रा के दौरान फ्लाईओवर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफिले के फंसने को ‘सुरक्षा चूक’ करार दिया एवं इसे ‘कांग्रेस द्वारा रची साजिश ’ बताया।

एक ‘बड़ी सुरक्षा चूक’ के चलते मोदी की पंजाब यात्रा तब बीच में खत्म कर दी गयी जब कुछ प्रदर्शनकारियों द्वारा सड़क जाम कर देने के कारण वह 15-20 मिनट तक फ्लाईओवर पर फंस गये। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य सरकार से तत्काल रिपोर्ट मांगी है और जिम्मेदार लोगों के विरूद्ध कार्रवाई करने को कहा है।

जोशी ने आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि पाकिस्तान सीमा के इतने करीब प्रधानमंत्री को बंधक बनाने को लेकर कांग्रेस और पाकिस्तान के बीच साठगांठ थी।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह कोई साधारण घटना नहीं है । आप सभी पंजाब प्रदेश कांग्रेस के नेताओं खासकर नवजोत सिंह सिद्धू की पाकिस्तानी नेताओं के साथ घनिष्ठता तो जानते ही हैं। वह उन्हें गले लगाते हैं। ’’

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के प्रभारी जोशी ने कहा, ‘‘ टीवी पर जो खबरें और वीडियो क्लिपिंग मैंने देखी है, उसके आधर मैं कह सकता हूं कि यह राज्य सरकार की पूर्ण जानकारी में कांग्रेस द्वारा रची गयी साजिश थी।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस चूक को लेकर पूरे देश को जवाब देना होगा।



from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/3JI9RWm

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें