रविवार, 7 फ़रवरी 2021

उत्तराखंड में बाढ़ के बाद ऊर्जा संयंत्र में काम करने वाले 50 से 100 लोग लापता, दो शव मिले: उत्तराखंड के डीजीपी

देहरादून, सात फरवरी (भाषा) चमोली जिले में हिमखंड (ग्लेशियर) टूटने के कारण रविवार को आई विकराल बाढ़ के बाद उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने कहा कि तपोवन-रैणी क्षेत्र में स्थित ऊर्जा परियोजना में काम करने वाले करीब 50-100 कर्मी लापता हैं। कुमार ने पीटीआई-भाषा को बताया कि राज्य आपदा मोचन बल के कर्मी प्रभावित इलाकों तक पहुंच चुके हैं। उन्होंने बताया कि यहां कम से कम दो लोगों के शव मिले हैं जबकि कई घायलों को बचाया गया है। उन्होंने कहा कि तपोवन-रैणी स्थित ऊर्जा संयंत्र पूरी तरह से बह गया है। राज्य के पुलिस प्रमुख ने कहा, ‘‘अब स्थिति नियंत्रण में है। श्रीनगर में एक बांध है जिसने पानी के तेज प्रवाह को नियंत्रित कर लिया है। ऊर्जा संयंत्र को नुकसान पहुंचा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारा शुरुआती आकलन है कि ऊर्जा परियोजना तथा इसके इर्द-गिर्द काम कर रहे करीब 50 से 100 लोग लापता हैं।’’ कुमार ने बताया कि बचाव दल जोशीमठ से करीब 20 मिनट की दूरी पर स्थित घटनास्थल पर तत्काल पहुंच गए और उन्होंने कुछ घायलों को बचाया है। दो शव भी मिले हैं। उन्होंने कहा कि तस्वीर शाम तक साफ हो पाएगी।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/2N66u2p

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें