शुक्रवार, 19 फ़रवरी 2021

उत्तराखंड में तेंदुए के हमले की विभिन्न घटनाओं में महिला की मौत, व्यक्ति घायल

पिथौरागढ़, 19 फरवरी (भाषा) उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में तेंदुए के हमले की विभिन्न घटनाओं में एक महिला की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। वन अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। डीडीहाट के रेंज अधिकारी पूरन सिंह देवपा ने बताया कि देवल थाल इलाके की रहनेवाली कापरीगांव ग्राम की 46 वर्षीय कलावती देवी अपने घर के आंगन में काम कर रही थीं तभी तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें वहां से घसीटते हुए ले गया। उन्होंने बताया कि बाद में ग्रामीणो ने महिला के घर से आधे किलोमीटर दूर उनका क्षत विक्षत शव बरामद किया। दूसरी घटना पिथौरागढ़ वन खंड में हुई। 57 वर्षीय राजेंद्र सिंह मेहता थाल बाजार जा रहे थे, तभी उन पर तेंदुए ने बृहस्पतिवार सुबह में हमला कर दिया। हालांकि लोगों के चीखने-चिल्लाने के बाद तेंदुआ जंगल में भाग गया। मेहता को गर्दन और पीठ पर जख्म लगे हैं। उनका इलाज चल रहा है और वह खतरे से बाहर हैं। स्थानीय लोग तेंदुआ को मारने की मांग कर रहे हैं। एक सामाजिक कार्यकर्ता ने बताया कि पिछले 24 घंटे में इन दो हमलों की वजह से इलाके में दहशत फैल गई है। उन्होंने बताया, ‘‘ पिछले महीने ही देवल थाल के रिन बिचुल गांव में एक तेंदुए को वन विभाग ने मार दिया था लेकिन फिर भी हमले नहीं रूके हैं।'' पिथौरागढ़ वन खंड के उप संभागीय अधिकारी नवीन पंत ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए जा रहे हैं।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/3s6yClq

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें