बुधवार, 8 अप्रैल 2020

उत्तराखंड में कोविड-19 के दो और मामले, सरकार ने की लॉकडाउन बढाने की संस्तुति

देहरादून, आठ अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड में बुधवार को कोविड-19 के मरीजों की संख्या 33 तक पहुंचने के बीच प्रदेश कैबिनेट ने केंद्र सरकार को लॉकडाउन अवधि बढाने की संस्तुति करने के साथ ही हाल में बाहर से आये तबलीगी जमात के सदस्यों तथा उनके संपर्क में आए लोगों की तलाश के लिए सघन अभियान चलाने का निर्णय लिया है। बुधवार को हरिद्वार जिले में कोरोना वायरस संक्रमण के दो और मामलों की पुष्टि हो गयी जिसके बाद प्रदेश में इस घातक विषाणु से पीड़ित लोगों की संख्या 33 पहुंच गयी है। प्रदेश में कोविड-19 के मामलों में पिछले एक सप्ताह में जबरदस्त उछाल आया है। प्रदेश में एक अप्रैल तक कोविड-19 के मरीजों संख्या सात थी जो अब बढकर 33 हो गयी है, इनमें से 25 लोग तबलीगी जमात के सदस्य हैं। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बाद प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और राज्य सरकार के प्रवक्ता मदन कौशिक ने बताया बैठक में लॉकडाउन को बढाने के लिए केंद्र सरकार को सिफारिश भेजने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल का मत है कि देश के विभिन्न हिस्सों से तबलीगी जमात के लोगों के यहां आने से राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में अचानक वृद्धि हुई है और इसलिए लॉकडाउन बढाया जाना चाहिए। मंत्री ने कहा, निर्णय लिया गया है कि हाल में बाहर से राज्य में आये तबलीगी जमात के सदस्यों और उनके संपर्क में आए लोगों की तलाश के लिए सघन अभियान चलाया जाएगा। मंत्रिमंडल ने प्रशासन से कहा है कि वह ऐसे लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करे जो अपनी यात्रा संबंधी जानकारी छुपा कर लोगों को खतरे में डाल रहे हैं। इस बीच, उत्तराखंड में लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर बुधवार को 75 मामले दर्ज किए गये और 258 लोगों को गिरफ्तार किया गया। राज्य पुलिस मुख्यालय से जारी आंकडों के अनुसार, लॉकडाउन लागू होने के बाद से अब तक 1,086 मामले दर्ज किए गए हैं और 4,435 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/2Xh5rzX

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें