चमोली/हरिद्वार उत्तराखंड के चमोली जिले में ग्लेशियर फटने (Uttarakhand Glacier Break off) की घटना के बाद नदी के उफान का जायजा लेने के लिए सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत खुद मौके पर पहुंच रहे हैं। सरकार ने पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन को आवश्यक निर्देश दे दिए हैं। हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सीएम ने संयम बरतने और किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। चमोली में ग्लेशियर टूटने की घटना पर सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा, 'अभी तक हमें जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक दो पुल के बहने की खबर है। नुकसान का जायजा लिया जा रहा है। जनहानि होने की आशंका भी है, लेकिन अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। मैं भी घटनास्थल के लिए निकल रहा हूं।' एसडीआरएफ और फायर की टीम जोशीमठ इलाके के रेणी गांव में पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गई है। सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा, 'SDRF और जिला प्रशासन की टीमों को जल्द से जल्द घटनास्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है। स्थानीय लोगों से बातचीत के मुताबिक ही जानकारी हमारे पास भी है। ऐसे में हमारी प्राथमिकता है कि वहां फंसे लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकाला जाए।' सीएम घटनास्थल पर पहुंचने वाले हैं। आईटीबीपी के अनुसार, 'रेणी गांव के नजदीक धौलीगंगा में भयानक बाढ़ देखी गई है जहां बादल फटने या जलाशय के टूटने के चलते जल निकायों में बाढ़ आ गई है और नदी किनारे स्थित कई घर तबाह हो गए हैं। हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका है। आईटीबीपी के सैकड़ों जवान रेस्क्यू के लिए रवाना हो गए हैं।' तपोवन ऋषि गंगा ग्लेशियर टूटने की खबर से लगातार जल स्तर बढ़ता जा रहा है। अनहोनी की आशंका के चलते श्रीनगर गढ़वाल धारी देवी मंदिर परिसर पुलिस प्रशासन ने खाली करवाना शुरू कर दिया है। हरिद्वार तक में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/2N7LMQ4
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें