सोमवार, 10 मई 2021

Haldwani Accident: हल्द्वानी में हादसा, गहरी खाई में गिरी बोलेरो, 3 लोगों की मौत

हल्द्वानी हल्द्वानी से यात्रियों को लेकर जा रही बोलेरो खाई में गिर गई। ओखलकांडा ब्लॉक के डालकन्या में हुए इस हादसे में बोलेरो सवार तीन यात्रियों की मौत हो गई। वहीं आठ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक महिला, उसका बेटा और वाहन चालक शामिल है। घायलोंं को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओखलकांडा में भर्ती कराया गया। रविवार को बोलेरो हल्द्वानी से यात्रियों को लेकर डालकन्या जा रही थी। दोपहर तीन बजे डालकन्या के पास ड्राइवर ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बोलेरो गहरी खाई में गिर गई। वाहन के गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। हादसे की जानकारी मिलते ही पूरे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। इस हादसे में 29 साल की गोमती देवी पत्नी त्रिलोक सिंह निवासी ग्राम सलोड़ी जिला चम्पावत, उनके पांच वर्षीय बेटे गौरव और बोलेरो के ड्राइवर महेश आर्य पुत्र प्रताप राम निवासी गौनियारो ओखलकांडा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में त्रिलोक सिंह, उसका सात वर्षीय पुत्र राजदीप निवासी सलोड़ी जनपद चम्पावत और गौनियारो निवासी मोहन सिंह, विनोद, जगदीश, और ल्वार डोबा निवासी हयात, महिपाल और जगदीश आर्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओखलकांडा में भर्ती कराया गया है। वाहन हल्द्वानी से यात्रियों को लेकर डालकन्या जा रहा था। बताया जा रहा है कि मृतका गोमती देवी पति त्रिलोक सिंह अपने दो पुत्रों गौरव और राजदीप के साथ अपने मायके जा रही थी। हादसे में गोमती देवी और उसके एक बेटे गौरव की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर विधायक राम सिंह कैड़ा मौके पर पहुंचे और राजस्व विभाग को घटना की सूचना दी। राजस्व निरीक्षक मोहमद शकील और कानूनगो नारायण वर्मा भी घटना स्थल पहुंचे। विधायक राम सिंह कैड़ा की मौजूदगी में एंबुलेंस द्वारा घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इधर विधायक कैड़ा ने बताया कि मृतकों का पोस्टमॉर्टम ओखलकांडा में ही कराया जा रहा है। गंभीर रूप से घायलोंं को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए डॉक्टरों ने हल्द्वानी रेफर किया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन की छत में भी कुछ सवारियां बैठी हुई थीं।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/3beO2hv

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें