शुक्रवार, 7 मई 2021

कुंभ से बिना कोरोना जांच कराए बद्रीनाथ निकल गए साधु-संत, हरकत में आया जिला प्रशासन

चमोली उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर से हालात खराब हैं। सरकार और प्रशासन की तरफ से कोरोना टेस्टिंग की अपील की जा रही है वहीं दूसरी ओर हरिद्वार महाकुंभ में शामिल कई साधु-संत बिना कोरोना जांच के ही बद्रीनाथ धाम की यात्रा पर निकल गए हैं। इनमें से कई तो विष्णुप्रयाग और हनुमान चट्टी तक पहुंच गए हैं। अब जिला प्रशासन हरकत में आया है। बद्रीनाथ धाम के कपाट 18 मई को खुलने प्रस्तावित हैं। कोरोना संक्रमण को देखते हुए सरकार ने चारधाम यात्रा को तीर्थयात्रियों के लिए स्थगित कर दिया था। इसके बावजूद महाकुंभ में शामिल कई साधु-संत बिना रोक टोक के बद्रीनाथ धाम की यात्रा पर निकल पड़े हैं। यात्रा मार्ग पर पैदल चल रहे साधुओं की कहीं भी जांच नहीं हुई। इन साधुओं के पास कोविड जांच रिपोर्ट भी नहीं है। मामले के सामने आने के बाद चमोली के पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान ने कहा कि बिना कोरोना टेस्ट के किसी को भी बद्रीनाथ जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा, 'पांडुकेश्वर में साधु-संतों के साथ ही अन्य लोगों का एंटीजन टेस्ट किया जाएगा। यहां आइसोलेशन की व्यवस्था भी है।' इस बीच, उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण के 9,642 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 137 लोगों की मौत हो गई।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/3vVqTIV

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें