गुरुवार, 16 सितंबर 2021

मिथक तोड़ते हुए उत्तराखंड में फिर भारी बहुमत से सरकार बनाएगी भाजपा : प्रह्लाद जोशी

देहरादून, 16 सितंबर (भाषा) केंद्रीय खान व कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बृहस्पतिवार को कहा कि उत्तराखंड में मिथक तोड़ते हुए भाजपा विधानसभा चुनाव जीतकर फिर से सत्ता में वापसी करेगी।

प्रदेश चुनाव प्रभारी बनने के बाद चुनाव सह प्रभारी, आर. पी. सिंह और लॉकेट चटर्जी के साथ पहली बार यहां आए जोशी ने प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों व जिला प्रभारियों की बैठक में उन्हें पूरे मनोयोग से 2022 विधानसभा चुनावों के लिए जुटने को कहा। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तथा राज्यसभा सदस्य दुष्यंत कुमार गौतम भी मौजूद रहे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक बार भाजपा और एक बार कांग्रेस की सरकार बनने का मिथक तोड़ते हुए भाजपा विधानसभा चुनाव जीतकर लगातार दूसरी बार सरकार बनाएगी।

जोशी ने कहा कि इस लक्ष्य को पाने के लिए सभी को अपने बूथ को मजबूत करने पर जोर देना है और केंद्र व प्रदेश सरकार के जनहितकारी कार्यों को जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने जिला प्रभारियों को अपने जिले के मंडलों, शक्तिकेंद्रों और बूथों में निरंतर प्रवास करने तथा कार्यकर्ताओं से लगातार संवाद बनाए रखने का भी निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के सात साल के कार्यकाल में उस पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा, उसी प्रकार प्रदेश की साढ़े चार साल की सरकार ने बेहद ईमानदारी से जनहित के कार्य किये हैं और उस पर कोई आरोप नहीं लगा। उन्होंने कहा कि जबकि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों में घोटालों की एक श्रृंखला सी बन गयी थी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में प्रदेश में पुन: भारी बहुमत से पार्टी की सरकार बनेगी।

इससे पहले, जोशी तथा प्रदेश चुनाव सह प्रभारियों के जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगियों और प्रदेश अध्यक्ष कौशिक ने उनकी अगवानी की। बाद में देहरादून पहुंचने तक भाजपा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर पार्टी के केंद्रीय नेताओं का स्वागत किया।



from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/3ChCZit

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें