देहरादून, 14 फरवरी (भाषा) उत्तराखंड के कुमांउ क्षेत्र के जंगल में कुछ दिन पहले जली अवस्था में मिले शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लेने का दावा किया है। नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मीणा ने बताया कि मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस को 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालने पड़े । पुलिस ने दोनों अभियुक्तों, रविंदर और कुलदीप, को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है । मामले के अनुसार, ग्रामीणों ने जंगल में बुरी तरह जला शव मिलने की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने उस ओर जाने वाली सड़क की सीसीटीवी फुटेज तलाशी और उन्हें वहां रात में एक कार गुजरती दिखाई दी । उस कार का नंबर लेकर जब उसके मालिक की खोज की गयी तो वह हल्द्वानी का रहने वाला निकला । उससे पूछताछ में पता चला कि घटना वाली रात उसने अपनी कार दिल्ली निवासी अपने रिश्तेदार कुलदीप को दी थी । उसके बताये पते पर पुलिस दिल्ली पहुंची और कुलदीप से पूछताछ की। उसने बताया कि जंगल में मिली लाश पंजाब के फिरोजपुर में रहने वाले उसके दोस्त रविंदर पाल सिंह की पत्नी अनिता सिंह की है और उसकी हत्या करने के बाद उसका शव ठिकाने लगाने में उसने रविंदर का साथ दिया था । पूछताछ में उसने बताया कि रविंदर को अनिता का किसी और से प्रेम संबंध होने का शक था और इसलिए उसने हत्या की साजिश रची । उन्होंने बताया कि रविंदर 30 जनवरी को अनिता को अपने साथ कालाढूंगी लाया और चाय में उसे नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया जिसके बाद वह बेहोश हो गयी । इसके बाद रविंदर और कुलदीप ने उसका गला घोंट दिया तथा रात में उसका शव ठिकाने लगा दिया । प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (कानून और व्यवस्था) अशोक कुमार ने बताया कि मामले का खुलासा करने वाली टीम को पुलिस मेडल या प्रशस्ति पत्र देने पर विचार किया जायेगा ।
from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/2HjaSVM
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें