मंगलवार, 4 फ़रवरी 2020

उत्तराखंड में महिलाओं की सुरक्षा के लिए शुरू हुई व्हाटसएप हेल्पलाइन सेवा

देहरादून, चार फरवरी (भाषा) महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को लेकर उत्तराखण्ड पुलिस ने एक और पुख्ता कदम उठाते हुए महिला व्हाटसएप हेल्पलाइन सेवा शुरू की है। पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था, अशोक कुमार के निर्देशन में राज्य पुलिस मुख्यालय में स्थापित महिला सुरक्षा सेल में यह सेवा शुरू की गयी है। कुमार ने यहां बताया कि महिला व्हाट्सएप हेल्पलाइन सेवा में महिला, युवती व छात्राएं मोबाइल नम्बर— 9411112780 पर व्हाट्सएप के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं और इस नम्बर पर किसी भी घटना और समस्या से संबंधित मैसेज (संदेश), फोटो या वीडियो व्हाट्सएप के जरिए पुलिस मुख्यालय में स्थापित महिला सुरक्षा सेल को भेज सकती हैं। उन्होंने बताया कि महिला सुरक्षा सेल में तैनात पुलिस अधिकारी व्हाट्सएप पर आए संदेश के आधार पर पीड़ित महिला से संबंधित जानकारी जिले को भेजेंगी जिस पर जिले से संबंधित थाने की ओर से अविलम्ब कार्यवाही की जाएगी। कुमार ने बताया कि इसका फायदा यह होगा कि महिलाएं और छात्राएं अपने साथ होने वाली छेड़छाड़ और घटना का वीडियो, फोटो और मैसेज पुलिस को भेज सकेंगी। इसके अलावा, विपरीत परिस्थिति में शिकायत नहीं देने पर सिर्फ मैसेज या वीडियो से भी पुलिस पीड़िता तक पहुंच जाएगी। उन्होंने बताया कि महिला व्हाटसएप हेल्पलाइन सेवा के शुरू होने से लोकलाज के चलते थाने नहीं जाने वाली पीड़ित महिलाओं को भी शिकायत देने में आसानी होगी।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/3b9SNY3

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें