देहरादून, पांच जून (भाषा) उत्तराखंड मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने शुक्रवार को कहा कि उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण को ई-विधानसभा बनाया जाएगा। यहां विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियों कांफ्रेंस के जरिए बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि गैरसैंण को ई-विधानसभा बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने ई-कैबिनेट की शुरुआत की और अपने कार्यालयों को भी ई-ऑफिस बनाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि अभी 17 कार्यालय, ई-ऑफिस हो गये हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास राज्य के ब्लॉक स्तर तक के सभी कार्यालयों को ई-ऑफिस बनाने का है। पर्यावरण संरक्षण को सब की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण प्रदूषण से मुक्ति एवं जैव विविधता को बनाये रखने के लिए हमें जनभागीदारी से प्रयास करने होंगे। इस अवसर पर उन्होंने उत्तराखंड की पर्यावरण रिपोर्ट का विमोचन भी किया। रावत ने कहा कि हरेला पर्व पर सामाजिक दूरी का पालन करते हुए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जायेगा। उन्होंने वृक्षारोपण के लिए जन सहभागिता पर विशेष ध्यान देने के भी अधिकारियों को निर्देश दिए। प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि भारत तथा विश्व में जैव विविधता को बनाये रखने में उत्तराखंड का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में देश की 28 प्रतिशत जैव विविधता पायी जाती है। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम जैव विविधता है। बैठक में जानकारी दी गई कि देहरादून के झाझरा क्षेत्र में ‘आनंद वन’ नाम से सिटी फॉरेस्ट विकसित किया जा रहा है।
from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/3cuQqys
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें