देहरादून, 25 जून (भाषा) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ मोर्चा खोलने, गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने सहित अपने विजन डॉक्यूमेंट में की गयी 85 फीसदी घोषणाएं पूरी कर दी हैं। अल्मोडा और हल्द्वानी में वर्चुअल रैलियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि उनकी सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ मोर्चा खोला है। उन्होंने कहा, ‘‘हम पूर्ण विश्वास के साथ कह सकते हैं कि हमने राज्य को माफिया से मुक्त किया है। किसी को नहीं बख्शा गया है। बहुतों को गिरफ्तार किया गया।’’ उन्होंने कहा कि हमने गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने पर विचार करने का वादा किया था और पहाड़ की जनभावनाओं का सम्मान करते हुए उसे ना सिर्फ ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने की हमने घोषणा की बल्कि इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी। भाजपा के ‘विजन डॉक्यूमेंट’ की 85 प्रतिशत घोषणाएं पूरी करने का दावा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हम केवल वायदा नहीं करते बल्कि उन्हें निभाते भी हैं। कोविड-19 के मद्देनजर अपनी सरकार की उपलब्धियां बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे राज्य में 2500 से ज़्यादा डॉक्टर हैं, सभी जिला अस्पतालों में आईसीयू और वेंटिलेटर हैं, स्वास्थ्य सेवाओं को टेली मेडिसीन आदि से जोड़ा गया है, जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्साधिकारियों को अपने स्तर पर जरूरत के हिसाब से मेडिकल कर्मियों की भर्ती का अधिकार दिया गया है। राज्य के कोविड केयर सेंटर (कोविड-19 देखाभाल केन्द्रों) में 18 हजार बिस्तर होने का दावा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन केन्द्रों में फिलहाल करीब 800 लोग ही हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में धन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड देश का ऐसा पहला राज्य है जहां पंचायतों को पैसा सीधे उनके खाते में भेजा गया है।
from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/2BHVdju
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें