मंगलवार, 9 जून 2020

केवाईसी के नाम पर मांगा ओटीपी, बैंक मैनेजर बन खाते से उड़ाए चार लाख

उत्तराखंड में साइबर ठगी के रोज नए मामले सामने आ रहे हैं। ये ठग इतने शातिर हैं कि पढ़े-लिखे लोग भी इनके झांसे में आकर इनका शिकार हो रहे हैं। ताजा मामला हरिद्वार का है जहां एक महिला डॉक्टर से बैंक मैनेजर बनकर फोन पर बात करने वाले शख्स ने उनके खाते से चार लाख रुपए उड़ा दिए। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। हरिद्वार के आर्य नगर में नर्सिंग होम चलाने वाली डॉ. डेज़ी सोंधी के मोबाइल पर 6 जून को एक कॉल आई थी। कॉल करने वाले शख्स ने खुद को ICICI बैंक का ब्रांच मैनेजर बताया और कहा कि उनके बैंक खाते की केवाईसी नहीं हुई है। बैंक केवाईसी करवाना जरूरी है इसलिए उनके मोबाइल पर एक ओटीपी आएगा और वह ओटीपी उन्हें बताना होगा। डॉ. सोंधी ठग के झांसे में आ गईं और ओटीपी बता दिया। थोड़ी देर बाद ही डॉक्टर के खाते से चार लाख रुपए निकाल लिए गए। जब पीड़िता ने इसकी जानकारी बैंक शाखा पहुंचकर मांगी तो बैंक ने ऐसी कोई भी कॉल करने की बात से इनकार कर दिया। चार लाख रुपए की ठगी का अहसास होने पर डॉक्टर के पैरों तले जमीन खिसक गई और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी का कहना है कि सीआईयू मोबाइल नंबर के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही चार लाख रुपए की रकम किस खाते में ट्रांसफर हुई इस संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है। जल्दी ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/2MHoLQa

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें