देहरादून उत्तराखंड में डेंगू के बढ़ते मामलों के कारण लोगों के बीच दहशत का माहौल बना हुआ है। प्रदेश में डेंगू के 3 हजार से ज्यादा मामले आने के बाद खुद राज्यपाल ने एहतियातन किए गए इंतजामों और स्वास्थ्य सुविधाओं के मुद्दे पर संबंधित विभागों के साथ बैठक की है। आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में डेगू मरीजों की संख्या बढ़कर 3269 हो गई है। इसमें भी सबसे अधिक 2098 मरीज देहरादून से हैं। डेंगू से प्रभावित होने के बाद अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। इस स्थिति को देखते हुए राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने उत्तराखंड के सचिव स्वास्थ्य नितेश झा और महानिदेशक स्वास्थ्य आरके पाण्डेय को राजभवन बुलाकर प्रदेश में डेंगू की स्थिति और अब तक की गई कार्रवाई पर अपडेट लिया है। जानकारी के अनुसार, कुछ सामाजिक संगठनों और राजनैतिक दलों ने डेंगू के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए राजभवन से इस संबंध में कार्रवाई का आग्रह किया था। इसपर गवर्नर ने खुद अधिकारियों को राजभवन बुलाकर उनसे जानकारी हासिल की। राज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि डेंगू पीड़ितों का पूरा ध्यान रखा जाए और उनके उपचार में कोई भी लापरवाही न बरती जाए। राज्यपाल ने सरकारी स्तर पर अधिक से अधिक निशुल्क जांच केंद्र स्थापित करने या निशुल्क जांच की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि प्रदेश में निजी लैबों की जांच रिपोर्ट में डेंगू पाए जाने पर उसका स्थापित मानदंडों के अनुरूप सत्यापन कराया जाए, जिससे कि लोगों में अनावश्यक भय और चिंता का माहौल न बने। देहरादून और नैनीताल में बनाए अतिरिक्त जांच केंद्र राज्यपाल से मुलाकात के बाद स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि कि इस वर्ष डेंगू के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जनपद देहरादून में 3 और जनपद नैनीताल में 1 अतिरिक्त निशुल्क डेंगू जांच केंद्र चलाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जनपद देहरादून में विभाग द्वारा 60 हजार से भी ज्यादा घरों में, लगभग 3 लाख की आबादी में घरों में जाकर डेंगू के लार्वा पनपने के स्थानों को नष्ट किया गया है। इसके साथ ही जनपद देहरादून में पुलिस विभाग, सिविल डिफेंस, शिक्षा एवं स्वयं सेवी संस्थानों के साथ 100 टीमें बनाकर घर-घर जाकर डेंगू रोग को रोकने के उपायों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा रही है।
from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/34SAgMQ
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें