मंगलवार, 8 दिसंबर 2020

उत्तराखंड में ‘भारत बंद’ का रहा मिला जुला असर

देहरादून, आठ दिसंबर (भाषा) केंद्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसान संगठनों द्वारा मंगलवार को आहूत 'भारत बंद' का उत्तराखंड में मिलाजुला असर रहा जहां चमोली, पौड़ी, उत्तरकाशी तथा रूद्रप्रयाग जिलों में इसका कम प्रभाव देखने को मिला वहीं पिथौरागढ़ जिले में पूर्ण हड़ताल रही । राजधानी देहरादून में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राज्य पार्टी मुख्यालय से पल्टन बाजार तक जुलूस निकाला और बंद लागू कराने का प्रयास किया। इसे लेकर उनकी दुकानदारों से झड़प हो गयी और उन्होंने दुकानें बंद करने से मना कर दिया । बाद में कांग्रेसजनों ने शहर के व्यस्ततम क्लॉक टॉवर इलाके में नए कृषि कानूनों के खिलाफ नारे लगाते हुए धरना दिया जिससे क्षेत्र में कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ । पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सिंह और उनके समर्थकों को हिरासत में लेकर हालांकि जल्द ही यातायात सुचारू किया । हिरासत में लिये गए कांग्रेसजनों को पुलिस लाइंस ले जाया गया । शहर में ज्यादातर बाजार और दुकानें खुले रहे जबकि कुछ जगहों पर कांग्रेस या अन्य विपक्षी दलों के धरनों के कारण थोड़े अंतराल के लिए यातायात अवरूद्ध हुआ । हरिद्वार जिले में ग्रामीण क्षेत्रों के नजदीक स्थित बाजार बंद रहे जबकि हरिद्वार और रूड़की जैसे शहरों में बाजारों में रोज की तरह व्यवसायिक गतिविधियां चलती रहीं । जिले में नारसन सीमा पर किसानों ने हरिद्वार—दिल्ली राजमार्ग पर गन्नों से लदी ट्रैक्टर ट्राली और ट्रक लगाकर यातायात अवरूद्ध कर दिया । इसके अलावा, ज्वालापुर में कांग्रेस कार्यकर्ता किसानों के समर्थन में सड़कों पर उतर आए तथा दुकानों को बंद कराने का प्रयास किया । उधमसिंह नगर जिले में भी हालांकि, किसान संगठन बंद लागू कराने के लिए सड़कों पर उतरे लेकिन कोई अप्रिय या शांति भंग की स्थिति नहीं पैदा हुई । प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने कहा कि बंद के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं । उधमसिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिलीप सिंह कुंवर ने कहा कि जिले में कड़ी सतर्कता बरती जा रही है और कहीं से अशांति की कोई खबर नहीं है । उधमसिंह नगर जिले के जसपुर, काशीपुर, बाजपुर, गदरपुर, किच्छा, सितारगंज, खटीमा और नानकमत्ता में हालांकि ज्यादातर दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे । वहीं चमोली, पौड़ी, उत्तरकाशी और रूद्रप्रयाग जैसे पहाड़ी जिलों में बंद का बहुत कम असर देखने को मिला। सीमांत पहाड़ी जिले पिथौरागढ़ में पूर्ण हड़ताल रही और मुख्य बाजार पूरी तरह से बंद रहे ।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/2VUFeW1

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें