सोमवार, 7 दिसंबर 2020

नड्डा का चार दिवसीय उत्तराखंड दौरा समाप्त

देहरादून, सात दिसंबर (भाषा) भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का चार दिवसीय उत्तराखंड दौरा सोमवार को समाप्त हो गया। इन चार दिनों में उन्होंने पार्टी संगठन से लेकर सरकार तक विभिन्न स्तरों पर 14 बैठकें कीं और कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से लेकर विधायकों और पार्टी संगठन पदाधिकारियों को साफ तौर पर कहा कि उन्हें जनता के बीच जाकर संवाद कायम करना होगा। उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए एक रोडमैप भी दिया। बीजापुर अतिथि गृह में नड्डा ने आज शाम मुख्यमंत्री रावत सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से वर्तमान राजनीतिक स्थिति और आगामी रणनीति सहित संगठनात्मक मुददों पर चर्चा की। प्रदेश पार्टी अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि नड्डा का दौरा ऐतिहासिक रूप से सफल रहा। भगत ने सहयोग के लिए सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत पर चलती है जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं । उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा प्रेरणादायक रहा। सबको एक नई ऊर्जा मिली है और अगर हम उनके मार्गदर्शन के अनुसार चले तो निश्चित ही 2022 में हम फिर विजयी होंगे।’’ नड्डा ने अपने संदेश में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा, ‘‘राजनीति एक मिशन है और देश में परिवर्तन के लिए हम सब माध्यम हैं ।’’ उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपनी चिंता छोड़कर संगठन की चिंता करने को कहा। नड्डा ने प्रदेश संगठन को यह भी बताया कि वे किन मुद्दों को लेकर जनता में जाएं। उन्होंने इस दौरान प्रमुख रूप से कोरोना काल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लिए गए फैसलों की सराहना की। नड्डा ने कहा कि कोई भी कितना बड़ा नेता क्यों न हो, लेकिन बूथ सबसे महत्वपूर्ण है। बूथ का कार्यकर्ता ही मतदाता को मतदान केंद्र तक लेकर आता है और यही पार्टी की विजय में निर्णायक भूमिका अदा करता है। उन्होंने कहा, ‘‘अगर बूथ जीत लिया तो चुनाव जीत लिया।’’


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/2VQ1CzS

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें