शनिवार, 13 जून 2020

उत्तराखंड में कोविड-19 संक्रमण के 35 नये मामले सामने आए, दो की मौत

देहरादून, 13 जून (भाषा) उत्तराखंड में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 35 नए मामले सामने आने के साथ महामारी से पीड़ितों की संख्या 1759 हो गई, वहीं पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमित दो और लोगों की मौत हो गयी । प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग द्वारा यहां जारी बुलेटिन के अनुसार, देहरादून के एसएमआई अस्पताल में भर्ती 58 वर्षीय एक महिला की बृहस्पतिवार को मौत हो गई। वहीं काशीपुर के एलडी भट्ट अस्पताल में भर्ती 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला की शुक्रवार को मौत हो गई। कोरोना वायरस से संक्रमित इन महिलाओं की मौत के असल कारण का अभी पता लगाया जाना बाकी है। शनिवार को टिहरी में सर्वाधिक 22 और देहरादून में सात नए मामले सामने आए हैं जबकि चमोली में तीन, उत्तरकाशी में दो और रुद्रप्रयाग में एक व्यक्ति में कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि हुई है । प्रदेश में अब तक 1,023 व्यक्ति उपचार के बाद इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं । अब तक प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण कुल 21 लोगों की मृत्यु हो चुकी है जबकि आठ मरीज राज्य से बाहर जा चुके हैं। राज्य में फिलहाल 707 मरीजों का उपचार किया जा रहा है।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/2YpsffC

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें