देहरादून, 20 दिसंबर (भाषा) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के 59 वें जन्मदिवस पर शुक्रवार को मंत्रियों, विधायकों, नेताओं तथा अधिकारियों ने उनके आवास पर पहुंचकर बधाई दी तथा उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं । इसके बाद मुख्यमंत्री रावत ने डाकरा क्षेत्र में वृक्षारोपण किया एवं बच्चों के साथ अपना जन्मदिन मनाया। मुख्यमंत्री इसके बाद देहरादून भाजपा महानगर कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने पंचांग पूजन एवं विष्णु महायज्ञ में हिस्सा लिया तथा गरीबों को कम्बल वितरित किये। इस अवसर पर नैनीताल से लोकसभा सांसद और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अजय भट्ट भी मौजूद रहे । अपने जन्मदिवस पर रावत ने यहां पवेलियन ग्राउण्ड में आयोजित रक्तदान शिविर का भी शुभारंभ किया। ‘सेवा दिवस’ के रूप में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने रक्तदान किया। मुख्यमंत्री ने अपना जन्म दिवस ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाये जाने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड में प्रतिवर्ष 80 हजार यूनिट रक्त की जरूरत होती है जबकि राज्य में प्रतिवर्ष एक लाख से अधिक यूनिट रक्तदान होता है। उन्होंने रक्तदान करने वालों के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने अंग दान की जरूरत बताते हुए कहा कि इसके लिए जागरूकता की आवश्यकता है । इस संबंध में उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में नेत्र दान करने वालों की संख्या काफी बढ़ी है।
from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/35HO6S7
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें