पिथौरागढ, नौ नवंबर (भाषा) उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग उप-संभाग के भटटीगांव में पिछले महीने छह वर्षीय बालिका को मारने वाली आदमखोर मादा तेंदुआ को सोमवार को पेशेवर शिकारी जॉय हुकिल ने गोली मार कर ढेर कर दिया। पिथौरागढ़ वन प्रभाग के एक अधिकारी नवीन चंद्र पंत ने कहा कि वन विभाग द्वारा इस काम के लिए बुलाए गए हुकिल क्षेत्र में चार नवंबर से कैंप कर रहे थे और सोमवार सुबह सात वर्षीय आदमखोर मादा तेंदुआ के दिखाई देते ही उन्होंने 100 मीटर की दूरी से उसे गोली मारकर ढेर कर दिया। मादा तेंदुआ ने सात अक्टूबर की शाम को छह वर्षीय बालिका पर हमला कर उसे अपना शिकार बना लिया था। इस बीच, पिछले महीने एक और तेंदुए के हमले में बुरी तरह घायल हुए नेपाल के 10 वर्षीय बालक ने भी दम तोड़ दिया जिससे पिछले दो महीने में तेंदुए का शिकार होने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गयी। पिथौरागढ़ के रेंज अधिकारी दिनेश जोशी ने बताया कि तेंदुए के हमले में बालक की खाद्य नली में गहरा जख्म हो गया था।
from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/35c1TSV
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें