बुधवार, 9 अक्टूबर 2019

पौड़ी में तेंदुए के हमले में घायल बालिका दिल्ली के अस्पताल में भर्ती

पौड़ी, नौ अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड के पौड़ी जिले में हाल में अपने छोटे भाई को तेंदुए के हमले से बचाने के प्रयास में गंभीर रूप से घायल बालिका को दिल्ली के राममनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत अब खतरे से बाहर है। इससे पहले उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया था, जहां अधिकारियों ने उसे कथित रूप से भर्ती करने से मना कर दिया। जिले के बीरोंखाल ब्लॉक के देवकुंडाई तल्ली गांव की रहने वाली 11 वर्षीया राखी चार अक्टूबर को अपने चार वर्षीय भाई राघव को तेंदुए से बचाने के लिये उससे भिड़ गयी और संघर्ष में गंभीर रूप से घायल हो गयी। राखी की मौसी मधु देवी ने बताया कि राखी का परिवार उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले गया, जहां अधिकारियों ने उसे कथित रूप से भर्ती करने से मना कर दिया। इसके बाद परिवार ने प्रदेश के पर्यटन मंत्री और स्थानीय सांसद सतपाल महाराज से संपर्क किया, जिनके हस्तक्षेप से उसे सात अक्टूबर को राममनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। सतपाल महाराज के विशेष कार्य अधिकारी अभिषेक शर्मा ने बताया कि मंत्री ने राखी के उपचार के लिये एक लाख रुपये की सहायता भी दी है। इस बीच, पौड़ी के जिलाधिकारी डी एस गरब्याल ने कहा कि राखी का नाम बहादुरी पुरस्कार के लिये भेजा जायेगा।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/2MrKOdd

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें