बुधवार, 8 सितंबर 2021

Uttarakhand Elections 2022: प्रह्लाद जोशी को बीजेपी ने बनाया उत्तराखंड का प्रभारी, लॉकेट चटर्जी होंगी सह प्रभारी

देहरादून 2022 में होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के लिए बीजेपी ने अपने प्रभारियों का नाम घोषित कर दिया है। उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में प्रभारियों की घोषणा कर बीजेपी ने चुनावी तैयारियों का खांका खींचना शुरू कर दिया है। उत्तराखंड में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को चुनाव प्रभारी और लॉकेट चटर्जी व सरदार आरपी सिंह को सहप्रभारी बनाया गया है। बीजेपी संगठन की ओर से बनाए गए चुनाव प्रभारियों के जिम्मे उत्तराखंड का चुनावी प्रबंधन होगा। इन प्रभारियों के सामने प्रदेश में बीजेपी के अंदर उपजा आंतरिक असंतोष दूर करना सबसे बड़ी चुनौती होगी। प्रभारियों की नियुक्ति ऐसे वक्त में हुई है, जबकि उत्तराखंड में बीते कुछ महीनों में ही दो सीएम बदले जा चुके हैं। फिलहाल राज्य की कमान सीएम पुष्कर सिंह धामी के पास है। कर्नाटक से प्रह्लाद जोशी, बंगाल से लॉकेट चटर्जी जाएंगे उत्तराखंड उत्तराखंड के प्रभारी बने प्रह्लाद जोशी केंद्र सरकार में कोयला और संसदीय कार्य मंत्रालय के मंत्री के रूप में काम कर रहे हैं। वो कर्नाटक की धारवाड़ लोकसभा सीट से सांसद हैं। वहीं सह प्रभारी बनीं लॉकेट चटर्जी पश्चिम बंगाल की हुगली सीट से लोकसभा सांसद हैं। चटर्जी ने हाल में हुए बंगाल चुनाव में भी बीजेपी के लिए बड़े पैमाने पर काम किया था। चटर्जी फिलहाल बीजेपी की राष्ट्रीय महासचिव हैं। राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह होंगे सह प्रभारी लॉकेट चटर्जी के साथ सरदार आरपी सिंह उत्तराखंड के सह प्रभारी के रूप में काम करेंगे। आरपी सिंह का ताल्लुक दिल्ली से है और वह राजधानी की राजिंदर नगर सीट के विधायक रहे हैं। आरपी सिंह फिलहाल भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में भी काम कर रहे हैं। यूपी समेत अन्य राज्यों में भी संगठनात्मक नियुक्ति बीजेपी ने पांच राज्यों के चुनाव प्रभारियों का ऐलान करते हुए सबसे अधिक फोकस यूपी पर किया है। यूपी की कमान केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को सौंपी गई है। अनुराग सिंह ठाकुर, अर्जुनराम मेघवाल, सरोज पाण्‍डेय, शोभा करंदलाजे, कैप्‍टन अभिमन्‍यु, अन्‍नपूर्णा देवी और विवेक ठाकुर को यूपी चुनाव में सह प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा पंजाब चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, मणिपुर चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और गोवा चुनाव के लिए पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस प्रभारी बनाए गए हैं।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/3BSi6dK

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें