बुधवार, 7 जुलाई 2021

Kanwar Yatra News: योगी आदित्यनाथ ने पुष्कर धामी को किया फोन, कांवड़ यात्रा पर अपना फैसला पलटेगी उत्तराखंड सरकार!

देहरादून कांवड़ यात्रा को लेकर चल रहे असमंजस के बीच यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी से बात की है। इसके बाद माना जा रहा है कि कांवड़ यात्रा को रद्द करने का अपना फैसला धामी सरकार वापस ले सकती है। हमारे सहयोगी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया को सूत्रों से जानकारी मिली है कि उत्तराखंड सरकार अपने निर्णय पर दोबारा विचार कर रही है और यात्रा को इजाजत दी जा सकती है। इससे पहले यूपी सरकार ने 25 जुलाई से कांवड़ यात्रा शुरू करने का ऐलान किया था। धामी और योगी के बीच फोन पर बात यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के संबंध में पड़ोसी राज्यों से सामंजस्य बनाने के निर्देश दिए थे। इसके साथ ही उन्होंने उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी से इस सिलसिले में फोन पर बात की थी। सूत्रों ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि सीएम योगी ने धामी से अपील की है कि सीमित संख्या में कांवड़ियों को हरिद्वार जाने की इजाजत दी जाए। यहां से कांवड़िए गंगाजल लेते हैं। उत्तराखंड सरकार ने हरी झंडी देने का बनाया मन! उत्तराखंड के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक योगी की अपील पर उत्तराखंड सरकार ने सहमति का मन बना लिया है। अधिकारी का कहना है, 'इस बात के आसार बिल्कुल भी नहीं है कि यूपी के सीएम की गुजारिश को राज्य सरकार ठुकरा देगी। यूपी और उत्तराखंड दोनों राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में कांवड़ियों को नाराज करने का जोखिम सरकार मोल नहीं लेगी। क्योंकि उनके वोट बेस का एक हिस्सा बीजेपी का माना जाता है।' धामी बोले- हमारा उद्देश्य श्रद्धालु निराश ना होने पाएं बुधवार को इस मुद्दे पर हरिद्वार में सीएम धामी ने कहा, 'मैंने गुरुवार को कांवड़ यात्रा पर चर्चा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है। हमारा उद्देश्य है कि किसी तरह श्रद्धालु निराश ना होने पाएं।' जब यह पूछा गया कि क्या उत्तराखंड सरकार इस मुद्दे पर केंद्र सरकार की सलाह लेने की तैयारी कर रही है तो धामी ने कहा, 'यह यूपी और उत्तराखंड के बीच का मामला है। यूपी के सीएम और मैंने इस मुद्दे पर दो बार बात की है। अगर जरूरत पड़ी तो मैं उनसे इस मामले में फिर बात करूंगा।' कांवड़ यात्रा पर इस वजह से असमंजस हर साल करोड़ों श्रद्धालु श्रावण मास में कांवड़ यात्रा पर निकलते हैं। कोरोना के खतरे को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने इसबार भी कांवड़ यात्रा पर पूरी तरह से रोक लगाने के आदेश दिए हैं। 30 जून को इस संबंध में सरकार ने एक आदेश भी जारी किया था। पिछले साल भी कोरोना महामारी की वजह से कांवड़ यात्रा रद्द कर दी गई थी। 2019 में जब कांवड़ यात्रा हुई थी तब 3.3 करोड़ से ज्यादा कांवड़िए हरिद्वार आए थे। इसमें मुख्य रूप से हरियाणा, यूपी, दिल्ली और राजस्थान के श्रद्धालु शामिल थे। उधर यूपी सरकार ने सभी जिलों के डीएम को कावंड यात्रा की तैयारियां शुरू करने से निर्देश दिए हैं। आदेश में कांवड़ यात्रा में कोरोना प्रोटोकॉल का ध्यान रखने को कहा गया है।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/3xuR8qI

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें