![](https://navbharattimes.indiatimes.com/photo/72276963/photo-72276963.jpg)
देहरादून, 28 नवंबर (भाषा) उत्तराखंड में पिथौरागढ़ विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की उम्मीदवार चंद्रा पंत ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस की अंजू लुंठी को तीन हजार से ज्यादा मतों से पराजित कर सीट पर पार्टी का कब्जा बरकरार रखा है। पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी और चुनाव अधिकारी वीके जोगदंडे ने बताया कि चंद्रा ने अंजू को 3,267 मतों के अंतर से हराया। चंद्रा को कुल 26,086 वोट मिले जबकि अंजू ने 22,819 मत हासिल किए। चंद्रा और अंजू दोनों का ही यह पहला विधानसभा चुनाव है। उपचुनाव के लिए मतदान 25 नवंबर को हुआ था। चंद्रा पंत, त्रिवेंद्र सिंह रावत मंत्रिमंडल के कद्दावर मंत्री प्रकाश पंत की विधवा हैं जिनका इस वर्ष बीमारी के चलते निधन हो गया था। उनके निधन से रिक्त हुई सीट पर ही भाजपा ने चंद्रा को अपना उम्मीदवार बनाया था। पिथौरागढ़ में भाजपा की विजय पर खुशी व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि जीत अपेक्षित थी। रावत ने कहा, ‘‘यह सीट हमारी थी और इसके हमारे पास बने रहने से हम खुश हैं। जीत का अंतर बड़ा है। हममें दोबारा भरोसा दिखाने के लिये हम क्षेत्र की जनता को धन्यवाद देते हैं।’’ उधर, परिणाम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भाजपा की जीत को सहानुभूति और धनबल की जीत बताया और कहा कि कांग्रेस जनादेश को स्वीकार करती है। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में मतदान का प्रतिशत बहुत कम रहा जो पिथौरागढ़ की जनता में इस उपचुनाव के प्रति उत्साह नहीं होने का संकेत है। सिंह ने कहा कि अगर राज्य सरकार ने विकास के कार्यों पर ध्यान दिया होता तो जनता में मतदान के प्रति उत्साह होता।
from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/2qS8tNe
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें