बुधवार, 28 अप्रैल 2021

Sumana Glacier Burst: सुमना ग्लेशियर हादसे में एक और मजदूर का शव बरामद, मृतकों की संख्या हुई 16

चमोली उत्तराखंड के चमोली जिले में भारत-चीन सीमा के निकट नीति घाटी के सुमना हिमस्खलन स्थल से बुधवार को एक और शव बरामद हुआ। इसके साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। दो मजदूर अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। बताया गया कि बुधवार को बरामद किया गया शव गुरुवार को जॉलीग्रांट से झारखंड भेज दिया जाएगा। चमोली के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एनके जोशी ने बताया कि शव की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। गौरतलब है कि शुक्रवार को सुमना के पास हिमनद टूटने से सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के दो कैंप इसकी चपेट में आ गए थे, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर बर्फ में दबकर लापता हो गए थे। इनकी खोजबीन के लिए सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), सीमा सड़क संगठन तथा जिला प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य किया जा रहा है। रविवार तक हिमस्खलन वाली जगह से 15 शव बरामद हुए थे। ये सभी मृतक झारखंड के रहने वाले थे। जानकारी के मुताबिक, सभी शवों को ऐंबुलेंस से श्रीनगर अस्पताल भेज दिया गया है। गुरुवार को सभी शव जॉलीग्रांट से झारखंड भेजे जाएंगे। हादसे में 384 मजदूरों को बचा लिया गया है, जिन्हें सेना के कैंप में रखा गया है। मजदूरों के खाने-पीने और रहने की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही मलारी से सुमना तक सड़क मार्ग खोलने का काम भी शुरू हो गया है। यह सड़क खुलने के बाद सभी मजदूरों को जोशीमठ लाया जाएगा।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/3gHXayN

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें