बुधवार, 26 अगस्त 2020

पृथक-वास में गए रावत,मंत्रिमंडल की बैठक स्थगित

देहरादून, 26 अगस्त (भाषा) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के पृथक-वास में जाने के कारण बुधवार को होने वाली राज्य मंत्रिमंडल की बैठक स्थगित कर दी गयी है। यहां आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यह बैठक अब दो सितंबर को होगी । रावत की मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण रिपोर्ट आई थी जिसमें उनमें संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई थी,लेकिन वह एहतियातन तीन दिन के लिए पृथक-वास पर हैं। सोशल मीडिया पर मंगलवार को यह जानकारी साझा करते हुए मुख्यमंत्री रावत ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री आवास में कार्यरत कर्मचारियों एवं सुरक्षा कर्मियों तथा परिवार सहित जांच कराई थी और सभी की रिपोर्ट ठीक आई है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘सावधानी हेतु अगले तीन दिन आइसोलेशन में रहूंगा और अपने आवास में ही जनसामान्य एवं राज्य के विकास संबंधी शासन के कार्य फोन पर और वर्चुअली देखूंगा।’’ मुख्यमंत्री ने अपने एक सलाहकार के कोरोना वायरस संक्रमित पाए जाने के बाद संक्रमण की जांच कराई थी। ताजा आंकडों के अनुसार, कल मंगलवार तक प्रदेश में संक्रमितों का आंकडा 16,014 तक पहुंच चुका है और महामारी से 213 मरीज अपनी जान गंवा चुके हैं ।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/34AkVCU

मंगलवार, 25 अगस्त 2020

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीन दिन के लिये स्व पृथक-वास में गये

देहरादून, 25 अगस्त (भाषा) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की मंगलवार को कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आयी लेकिन वह एहतियातन तीन तीन दिन के लिए स्व पृथक-वास में चले गये हैं । सोशल मीडिया पर यह जानकारी साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा मैंने परिवार सहित कोरोना टेस्ट करवाया और उसकी रिपोर्ट निगेटिव आयी है । मुख्यमंत्री ने कहा, ' सावधानी हेतु अगले तीन दिन आइसोलेशन में रहूंगा और अपने आवास में ही जनसामान्य एवं राज्य के विकास संबंधी शासन के कार्य फोन पर और वर्चुअली देखूंगा ।' मुख्यमंत्री ने अपने एक सलाहकार के कोरोनावायरस संक्रमित पाए जाने के बाद कोरोना टेस्ट कराया था ।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/3jirWfp

उत्तराखंड में कोरोना वायरस से छह और मरीजों की मौत, 485 नये मामले सामने आये

देहरादून, 25 अगस्त (भाषा) उत्तराखंड में मंगलवार को कोविड—19 से छह और मरीजों की मौत हो गई जबकि 485 नए मामले सामने आने के बाद मामलों की कुल संख्या 16,014 हो गयी। यहां प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार तीन मरीजों ने एम्स ऋषिकेश में दम तोड़ा जबकि दो मरीजों की देहरादून के दून मेडिकल कॉलेज में जबकि एक अन्य की मौत हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल में हुई। बुलेटिन के अनुसार अब तक प्रदेश में महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या 213 हो चुकी है। इसके अनुसार कोरोना वायरस से संक्रमित सर्वाधिक 126 नये मामले हरिद्वार जिले में मिले जबकि देहरादून में 120, उधमसिंह नगर जिले में 90, उत्तरकाशी में 40 और नैनीताल में 39 मामले सामने आए। बुलेटिन के अनुसार प्रदेश में अब तक कुल 11,201 लोग स्वस्थ हो चुके हैं और उपचाराधीन मरीजों की संख्या 4,545 है। प्रदेश में कोविड-19 के 55 मरीज प्रदेश से बाहर चले गए हैं।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/3gwPrQe

उत्तराखंड के टिहरी में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 3.4 तीव्रता

देहरादून उत्तराखंड के टिहरी जिले में मंगलवार शाम भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए हैं। नैशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सिस्मोलॉजी ने भूकंप की पुष्टि करने के साथ ही ये स्पष्ट किया है कि अब तक इस घटना में किसी तरह के जानमाल की सूचना नहीं है। नैशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सिस्मोलॉजी की रिपोर्ट के मुताबिक, टिहरी जिले में मंगलवार शाम करीब 6 बजकर 18 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.4 रेकॉर्ड की गई है। फरवरी में भी आया था भूकंप बता दें कि इससे पहले फरवरी महीने में भी उत्तराखंड के तमाम हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। 8 फरवरी 2020 को उत्तराखंड के कुमाऊं में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे और रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.0 मापी गई थी। हालांकि इस दौरान भी यहां पर जान माल का कोई नुकसान नहीं हुआ था।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/31ryCBZ

Uttrakhand news: निजी लैब का गजब कारनामा, एक ही कोरोना जांच की दी दो अलग रिपोर्ट

पुलकित शुक्ला, देहरादून कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच एक निजी टेस्टिंग लैब की जांच में गड़बड़ी सामने आई है। देहरादून में एक निजी लैब ने एक महिला के एक ही सैम्पल की दो जांच रिपोर्ट बनाकर दे दी। इनमे से एक रिपोर्ट पॉजिटिव तो दूसरी निगेटिव आई। निगेटिव रिपोर्ट के आधार पर महिला विदेश रवाना हो गई है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि महिला कोरोना पॉजिटिव है या निगेटिव। मामला स्वास्थ्य सचिव तक जा पहुंचा है। दरअसल देहरादून के धर्मपुर की एक महिला को विदेश जाना था जिसके लिये उन्हें कोरोना निगेटिव रिपोर्ट की जरूरत थी। महिला ने 19 अगस्त को एक निजी लैब में कोरोना की आईटीपीसीआर जांच कराई। 21 अगस्त को लैब ने महिला को दी। इनमे से एक रिपोर्ट नेगटिव और दूसरी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव की दी गई। निगेटिव रिपोर्ट लेकर महिला विदेश यात्रा पर रवाना हो गई। हालांकि दो अलग रिपोर्ट आने पर परिजनों ने बीएएमएस डॉ भारत सब्बरवाल से बात की डॉ सब्बरवाल ने दोनों रिपोर्टों के मिलान किया तो पाया कि निगेटिव और पॉजिटिव के अलावा बाकी सब कुछ सामान था। डॉ सब्बरवाल ने निजी लैब की इस गड़बड़ी की शिकायत स्वास्थ्य सचिव को पत्र लिखकर की। तो क्या मौके का फायदा उठा रहीं निजी लैब? कोरोना महामारी के चलते कई जगह पर आवाजाही के लिए सरकार ने 72 घंटे पहले की कोरोना निगेटिव रिपोर्ट का नियम बना रखा है। इसके लिए लोग निगेटिव रिपोर्ट की अपेक्षा करते हुए जांच करवा रहे हैं। सूत्रों से जानकारी मिली है कि पहले रिपोर्ट पॉजिटिव दी जा रही है और बाद में साठ-गांठ के बाद रिपोर्ट को बदला जा रहा है। हालांकि जांच में पुष्टि हो जाने के बाद ही इसका सच सामने आ सकता है। स्वास्थ्य सचिव अमित नेगी का कहना है कि एक ही व्यक्ति की जांच की दो अलग अलग रिपोर्ट आना ठीक नही है। इस संबंध में आईसीएमआर की सख्त गाइडलाइन हैं। फिर भी मामले की जांच कराई जाएगी।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/3hnoXC1

विधायक महेश नेगी ने खुद को बताया बेकसूर, कांग्रेस कर रही डीएनए जांच की मांग

पुलकित शुक्ला, देहरादून महिला से दुष्कर्म के आरोपों में घिरे द्वाराहाट के भाजपा विधायक महेश नेगी ने पार्टी के सामने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वे किसी भी जांच के लिए तैयार हैं। शिकायतकर्ता महिला उन्हें साजिश के तहत फंसाने की कोशिश कर रही है। इसमें कुछ कांग्रेस के नेता भी शामिल हैं। जल्दी ही साक्ष्य लेकर वे मीडिया के सामने आएंगे। प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने सोमवार को विधायक नेगी को तलब किया था। विधायक नेगी ने कहा कि वे पुलिस की जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं। उन पर आरोप लगाने वाली महिला पहले भी कुछ लोगों को गलत तरीके से फंसा चुकी है। वे इन मामलों से जुड़े सबूतों को जुटा रहे हैं। वे इन सबूतों को पुलिस को सौंपेंगे और जांच में पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि पहले महिला ने उन्हें ब्लैकमेल करने का प्रयास किया और जब उनकी पत्नी ने महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई तो महिला ने उल्टा उनके ऊपर ही दुष्कर्म के आरोप लगा दिए। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि विधायक ने अपना पक्ष पार्टी के समक्ष रखा है। उन्होंने कुछ दस्तावेज भी दिखाए हैं। मामले में पुलिस अपना काम कर रही है और वे भी जांच के परिणामों की प्रतीक्षा करेंगे। कांग्रेस की मांग, डीएनए जांच कराएं सरकार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पुलिस सरकार के दबाव में है और लीपापोती में जुटी हुई है। गृह विभाग खुद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के पास है और मुख्यमंत्री भी कह चुके हैं कि विधायक महेश नेगी डीएनए जांच के लिए तैयार हैं। तो सरकार क्यों विधायक की डीएनए जांच से बच रही है। सरकार को जल्द से जल्द डीएनए जांच करवा कर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। प्रीतम सिंह ने कहा कि विधायक महेश नेगी का कांग्रेसी नेताओं पर आरोप लगाना बेबुनियाद है। कांग्रेस का कोई भी नेता इस प्रकरण में शामिल नहीं है।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/31okLfM

कांग्रेस विधायक के मुख्यमंत्री के लिए अशोभनीय शब्द बोलने पर भाजपा ने कांग्रेस से माफी मांगने को कहा

देहरादून, 25 अगस्त (भाषा) हाल में उत्तराखंड के जसपुर क्षेत्र के कांग्रेस विधायक आदेश चौहान द्वारा मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के लिए कथित तौर पर अशोभनीय शब्दों का इस्तेमाल करने तथा एक अधिकारी के साथ गाली—गलौच करने और उसे धमकाने की निंदा करते हुए भाजपा ने मंगलवार को कांग्रेस नेतृत्व से इसके लिए माफ़ी माँगने को कहा। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ देवेन्द्र भसीन ने यहां कहा कि उधमसिंह नगर जिले के जसपुर क्षेत्र के विधायक द्वारा मुख्यमंत्री के लिए अशोभनीय शब्दों के इस्तेमाल, कोरोना महामारी के कार्य में हस्तक्षेप करने की कोशिश, अधिकारी को धमकाने व अपशब्दों के प्रयोग की भाजपा कड़े शब्दों में निंदा करती है और कांग्रेस नेतृत्व से अपने विधायक के व्यवहार के लिए माफ़ी माँगने की अपेक्षा रखती है। गौरतलब है कि जसपुर के एक मोहल्ले में कोरोना वायरस से संक्रमित होने का मामला मिलने पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने उसे सील कर दिया। हालांकि, मोहल्ले की एक गली को गलत सील किए जाने का आरोप लगाते हुए लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। इस पर मौके पर पहुंचे विधायक ने अधिकारियों से बात की लेकिन इसी दौरान उनका गुस्सा भड़क गया और उनके मुंह से मुख्यमंत्री रावत के लिए कथित तौर पर अशोभनीय शब्द निकल गए। इस घटना का किसी ने वीडियो बना लिया जो वायरल हो गया।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/3jhf60X