रविवार, 3 जनवरी 2021

उत्तराखंड में कोविड-19 के 267 नए मामले

देहरादून, तीन जनवरी (भाषा) उत्तराखंड में रविवार को 267 नए मरीजों में कोविड 19 महामारी की पुष्टि हुई जबकि पांच अन्य मरीजों ने महामारी से दम तोड़ दिया। प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग द्वारा रविवार को जारी बुलेटिन के अनुसार, 267 मरीजों के मिलने के साथ ही प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या बढकर 91,811 हो गयी है। ताजा मामलों में से सर्वाधिक 123 देहरादून जिले में सामने आए जबकि नैनीताल में 54, हरिद्वार में 22 और उत्तरकाशी में 18 मरीज मिले। रविवार को प्रदेश में पांच और कोविड-19 मरीजों ने दम तोड़ दिया। महामारी से अब तक प्रदेश में 1,527 मरीज जान गंवा चुके हैं। प्रदेश में रविवार को 244 और मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो गए। अब तक कुल 84,705 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं और उपचाराधीन मामलों की संख्या 4,376 है। प्रदेश में कोविड-19 के 1,203 मरीज प्रदेश से बाहर चले गए हैं।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/3pHI2CI

उत्तराखंड सरकार ने दिल्ली के आप मॉडल को खारिज किया

देहरादून, तीन जनवरी (भाषा) उत्तराखंड सरकार के प्रवक्ता और शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने रविवार को दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के खुली बहस की चुनौती को स्वीकार करते हुए आम आदमी पार्टी (आप)के दिल्ली विकास मॉडल को सिरे से नकारा। पिछले एक महीने से दिल्ली की आप और उत्तराखंड की भाजपा के बीच छिड़ी जुबानी जंग को आगे बढाते हुए कौशिक ने सिसोदिया को जवाबी पत्र लिखकर कड़ा पलटवार किया और कहा कि अन्ना हजारे द्वारा खड़े किए गए भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन से निकली आप उन मूल्यों से बहुत दूर आ गई है। उन्होंने कहा, ‘‘खुद अन्ना हजारे आपकी पार्टी और सरकार की गतिविधियों को खारिज कर चुके हैं। और इतना ही नहीं उस समय के सभी प्रमुख नेताओं को बाहर निकाल कर आप यह साबित कर चुके हैं कि आपकी पार्टी एक व्यक्ति पर आधारित है जिसका कोई राजनीतिक दर्शन नहीं है। आप उस ईमानदारी और मूल्यबोध से बहुत दूर हो चुके हैं जो अन्ना आंदोलन के दौरान बढ़-चढ़कर प्रचारित की गई थी।’’ कौशिक ने दिल्ली के शिक्षा मॉडल पर भी चोट करते हुए कहा कि वहां के सरकारी स्कूलों में छात्रों की संख्या लगातार घट रही है। उन्होंने कहा, ‘‘आपके पास जो भी आंकड़े हों, उन आंकड़ों की तुलना उत्तराखंड से कर लीजिएगा तो आपको सही उत्तर मिल जाएगा कि आपका शिक्षा का मॉडल कितना झूठा है।’’उन्होंने कहा कि दिल्ली में आप ने 400 पुस्तकालय खोलने की घोषणा की थी, लेकिन अभी 25 प्रतिशत भी काम नहीं हुआ है। कोविड-19 को लेकर कौशिक ने कहा कि अगर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पहल न की होती तो दिल्ली की स्थिति बहुत बदतर होती। उन्होंने कहा, आपने जिन मोहल्ला क्लीनिकों का जमकर प्रचार किया, उन पर अब ताले लग चुके हैं और फिर भी आप बढ़-चढ़कर दावे कर रहे हैं। जल आपूर्ति का जिक्र करते हुए कौशिक ने आरोप लगाया कि दिल्ली की ज्यादातर कॉलोनियों में एक-दो घंटे पानी देकर आप नि:शुल्क पानी देने का नगाड़ा बजा रहे हैं। उन्होंने दिल्ली में बेरोजगारी की स्थिति को भी बेहद चिंताजनक बताया। कौशिक ने कहा कि आप सरकार के सात साल में दिल्ली की जनता देख चुकी है कि आप 'सेलर ऑफ होप' है और वह उम्मीदों और सपनों को बेचने वाले व्यापारी की तरह व्यवहार करते है। उन्होंने कहा कि जहां तक उत्तराखंड की बात है तो यहां हर साल करोड़ों पर्यटक आते हैं और उत्तराखंड को आप जैसे ‘टूरिस्ट पॉलीटिशियन’ का स्वागत करने में भी कोई हिचक नहीं है। खुली बहस की चुनौती के बारे में मंत्री ने कहा कि राजनीति एक गंभीर विषय है और यह किसी थिएटर का शो नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘जहां तक डिबेट का प्रश्न है, उत्तराखंड भाजपा का कोई नेता अथवा मंत्री ही नहीं, पार्टी का छोटे से छोटा कार्यकर्ता भी आपके साथ मजबूती के साथ मुद्दा आधारित राजनीतिक बहस कर सकता है।’’ मंत्री ने आप के पूरे नेतृत्व को एक पलायनवादी मानसिकता का शिकार बताते हुए कहा कि आप दिल्ली छोड़कर उत्तर प्रदेश चले जाते हैं और कभी आपके नेता पंजाब में मुख्यमंत्री बनने पहुंच जाते हैं और अब उन्हें उत्तराखंड आने का शौक लगा है। गौरतलब है कि सिसोदिया ने हाल में कौशिक को पत्र लिखकर कहा था कि उत्तराखंड की त्रिवेंद्र सिंह रावत सरकार ने अपने चार वर्ष के कार्यकाल में कोई उपयोगी काम नहीं किया है और लोग उनका परिचय 'जीरो वर्क सीएम' के रूप में देते हैं। सिसोदिया ने उन्हें चार जनवरी को देहरादून में त्रिवेंद्र रावत मॉडल बनाम केजरीवाल मॉडल पर चर्चा करने का न्यौता भी दिया था।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/2LdA3hV

Haridwar Kumbh: कुंभ मेला के लिए पुलिस की कसरत हुई तेज़, पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ होगी समन्वय बैठक

पुलकित शुक्ला, हरिद्वार हरिद्वार में महाकुंभ मेला बेहद नजदीक है। मेले की सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिस अधिकारियों ने भी अब कसरत तेज कर दी है। 10 जनवरी को पैरामिलिट्री फोर्स की 5 कंपनियां हरिद्वार पहुंच जाएंगी। कुंभ मेले में भीड़ नियंत्रण पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती होती है। इसके लिए जल्दी ही पड़ोसी राज्यों उत्तर प्रदेश दिल्ली पंजाब हरियाणा और हिमाचल के पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक करने जा रही है। बैठक में भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा, वीआईपी मूवमेंट आदि बिंदुओं पर समन्वय स्थापित करने के लिए चर्चा की जाएगी। कुंभ मेले में सुरक्षा की कमान संभाल रहे आईजी संजय गुंज्याल ने बताया कि आने वाला मकर संक्रांति के गंगा स्नान पर भी लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। स्नानों के दौरान भीड़ नियंत्रण ही सबसे बड़ी चुनौती होती है। मकर संक्रांति स्नान भी कुंभ पुलिस की देखरेख में होगा। कुंभ मेला पुलिस इसे कुंभ के बड़े स्नानों के ट्रायल के रूप में देख रही है। आईजी ने कहा कि कुंभ मेला पुलिस पड़ोसी राज्यों से समन्वय रखकर काम करेगी। उत्तराखंड शासन की ओर से पड़ोसी राज्यों को वार्ता के लिये पत्र भेजा जा चुका है। जल्दी ही बैठक आयोजित की जाएगी। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल करेगी निगरानी कुंभ मेले के दौरान राष्ट्र विरोधी पोस्ट करने और संप्रदायिक माहौल बिगाड़ने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। डीजीपी अशोक कुमार ने कुंभ मेले में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। यह सेल संप्रदायिक और राष्ट्र विरोधी पोस्ट करने वालों पर निगरानी रखेगी। हरिद्वार में शुरू होने वाला कुंभ मेला बेहद नजदीक है। इस बार पुलिस भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था के लिए कई नई तकनीकों को शामिल कर रही है। पिछले कुंभ मेले के मुकाबले 2021 में आयोजित हो रहे कुंभ मेले में सोशल मीडिया का उपयोग बड़े पैमाने पर होगा। ऐसे में संप्रदायिक और आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट पर लगाम लगाने के लिए मेले में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल स्थापित होगी।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/354cqPD

शनिवार, 2 जनवरी 2021

सिसोदिया ने विकास पर खुली बहस के लिए कौशिक को आमंत्रित किया

देहरादून, दो जनवरी (भाषा) दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने उत्तराखंड के शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक को चुनौती दी कि दोनों राज्यों के विकास मॉडल पर यहां चार जनवरी को खुली बहस कर लें। कौशिक को लिखे पत्र में आप नेता ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के विकास मॉडल के तुलनात्मक विश्लेषण के लिए उन्हें चार जनवरी की अपराह्न 11 बजे आईआरडीटी ऑडिटोरियम में खुले बहस के लिए आमंत्रित किया। आप के राज्य प्रवक्ता राकेश काला ने यहां शनिवार को कहा कि सिसोदिया ने उत्तराखंड के मंत्री को छह जनवरी को दिल्ली आने का निमंत्रण दिया ताकि वह शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सुरक्षा और ईमानदार राजनीति पर केजरीवाल सरकार के कार्यों को देख सकें। सिसोदिया पिछले कुछ हफ्ते के अंदर रविवार को राज्य के तीसरे दौरे पर आ रहे हैं। उत्तराखंड में पांव पसारने का प्रयास कर रही आप ने राज्य में अचानक गतिविधियां बढ़ा दी हैं जहां अगले वर्ष चुनाव होने वाले हैं। सिसोदिया ने पिछले पखवाड़े में नैनीताल, हरिद्वार और देहरादून के दौरे किए और पार्टी कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न तबके के लोगों से बातचीत की। राज्य के दौरे में सिसोदिया ने कहा था कि आप उत्तराखंड में आगामी चुनाव में सभी 70 विधानसभा सीटों पर लड़ेगी और सत्ता में आने पर राज्य में विकास का केजरीवाल मॉडल लागू करेगी। उन्होंने कहा था कि पार्टी उत्तराखंड चुनावों के लिए ऐसे व्यक्तित्व को मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर घोषित करेगी जिसका लोगों के बीच सम्मान हो।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/3hCl64V

उत्तराखंड में कोरोना वायरस संक्रमण के 263 नए मामले

देहरादून, दो जनवरी (भाषा) उत्तराखंड में शनिवार को 263 नए मरीजों में कोविड-19 महामारी की पुष्टि हुई जबकि सात अन्य मरीजों ने महामारी से दम तोड़ दिया । स्वास्थ्य विभाग ने इसकी जानकारी दी । प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, 263 नए मामलों के साथ ही प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या बढ़कर 91,544 हो गयी है । ताजा मामलों में से सर्वाधिक 73 देहरादून जिले में सामने आए जबकि नैनीताल में 65, हरिद्वार में 27 और उधमसिंह नगर में 23 मरीज मिले । बुलेटिन में कहा गया है कि शुक्रवार को प्रदेश में सात और संक्रमितों ने दम तोड़ दिया और महामारी से अब तक प्रदेश में कुल 1522 मरीज अपनी जान गंवा चुके हैं । प्रदेश में अब तक कुल 84,461 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं । फिलहाल उपचाराधीन मरीजों की संख्या 4,364 है ।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/352hW5v

Uttrakhand News: 93 साल की उम्र में कोरोना को दी मात, 28 दिनों से अस्पताल में भर्ती थी वृद्धा

पुलकित शुक्ला, पौड़ी गढ़वाल कोरोना महामारी का प्रकोप अभी तक पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। उत्‍तराखंड में कोरोना संक्रमण के मामले निरंतर सामने आ रहे हैं। ऐसे में पौड़ी जिले की 93 साल की एक वृद्ध महिला ने कोरोना से जंग जीत ली है। इतनी ज्यादा उम्र में कोरोना के कारण अस्पताल में भर्ती रहने के बाद वृद्धा की रिपोर्ट सामान्य आने पर डॉक्‍टर भी इसे बड़ी उपलब्धि मान रहे हैं। साथ ही आम लोग भी इसे एक सकारात्मक खबर के रूप में देख रहे हैं। एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में जंतु विज्ञान के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर बीएस बिष्ट की 93 साल की माता सुरजी देवी को खांसी और अन्य परेशानियों के चलते 3 दिसंबर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सुरजी देवी की जांचों और सिटी स्कैन के बाद डॉक्‍टरों ने उन्हें कोरोना से आशंकित बताकर रेफर कर दिया था। इसके बाद मेडिकल कॉलेज श्रीनगर से संबद्ध बेस अस्पताल में उनका रैपिड टेस्ट किया गया। यहां कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उन्हें कोविड वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। तीसरी जांच में रिपोर्ट आई निगेटिव मेडिकल कॉलेज के जनसंपर्क अधिकारी अरुण बडोनी ने बताया कि उपचार के दौरान 16 और 24 दिसंबर को सुरजी देवी की rt-pcr जांच की गई। इन जांचों में भी वे पॉजिटिव पाई गईं। तीसरी जांच में रिपोर्ट नेगेटिव आने पर उन्हें 30 दिसंबर को मेडिसिन वार्ड में शिफ्ट किया गया था। इसके बाद नए साल के पहले दिन सुरजी देवी की कोरोना नेगेटिव पाए जाने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर सीएम रावत ने कहा कि कोरोना वायरस अधिक उम्र के लोगों पर ज्यादा प्रहार करता है। 93 साल की उम्र में कोरोना संक्रमित होने के बाद सामान्य होकर वापस लौटना बड़ी उपलब्धि है। कोविड वार्ड के चिकित्सकों और स्टाफ की मेहनत रंग लाई है।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/3o6Ora4

टूरिस्टों के आने से बढ़ा कोरोना? पिथौरागढ़ में लगाया गया 48 घंटे का लॉकडाउन

पिथौरागढ़ उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में कोरोना महामारी के मद्देनजर एक बार फिर 48 घंटे के लिए लॉकडाउन लगाया गया है। बताया गया कि लॉकडाउन लगने से शहर में हर दिन तकरीबन 30 हजार सैलानियों का आगमन रुकेगा। इससे कोरोना वायरस का प्रसार नियंत्रित रहेगा। उपसंभागीय मैजिस्ट्रेट तुषार सैनी ने बताया कि कस्बे के सभी कार्यालय और व्यापारिक प्रतिष्ठान 48 घंटे के लिए बंद रहेंगे। उन्होंने कहा कि दवा की दुकानें हमेशा की तरह खुली रहेंगी और सब्जी की दुकानें सुबह 10 बजे तक ही खुली रह सकती हैं। अधिकारियों ने कहा कि जिला प्रशासन ने शहर और जिले के कुछ अन्य हिस्सों में मामलों में बढ़ोतरी देखने के बाद प्रतिबंध लगाने का फैसला किया। इसी तरह की पाबंदियां हाल ही में जिले के गंगोलीहाट और गनई कस्बों में कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के उपाय के तौर पर लगाई गई थीं। सैनी ने कहा, 'गंगोलीहाट और गनई कस्बों के 48 घंटे का लॉकडाउन दो दिन पहले समाप्त होने के बाद हमने आज से जिला मुख्यालय को पूरी तरह से बंद कर दिया है।' पिथौरागढ़ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी एचसी पंत के अनुसार जिले में कोविड-19 के मामलों में बढ़ोत्तरी देखी गई है। जिला मुख्यालय में 48 मरीज इस बीमारी से दम तोड़ चुके हैं। पंत ने कहा, 'दो दिन बंद होने से हर दिन शहर में 30,000 से अधिक पर्यटकों का आगमन रुकेगा और इस तरह से वायरस का प्रसार भी कंट्रोल होगा।'


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/386LAsk