मंगलवार, 2 जून 2020

उत्तराखंड में कोरोना वायरस से एक व्यक्ति की मौत, संक्रमण के कुल 999 मामले

देहरादून, दो जून (भाषा) उत्तराखंड में कोरोना वायरस से एक और व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि 41 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि होने से संक्रमित लोगों की संख्या 999 हो गयी है । प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग द्वारा यहां जारी बुलेटिन के अनुसार, नैनीताल जिले के हल्द्वानी में स्थित सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज में सोमवार रात संक्रमण से एक व्यक्ति की मृत्यु हो गयी । हांलांकि, अस्पताल द्वारा उपलब्ध कराई गई रिपोर्ट में मृत्यु का कारण दिल से जुड़ी बीमारी बताया गया है। यह मरीज चंपावत जिले का रहने वाला था। व्यक्ति हाल में मुंबई से आया था और कुछ अन्य बीमारियों से भी पीड़ित था । इस तरह उत्तराखंड में कोरोना वायरस से अब तक सात लोगों की मृत्यु हो चुकी है । बुलेटिन के अनुसार, प्रदेश में कोरोना वायरस के बढते मामले के बीच मंगलवार को 41 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हो गयी । नए मामलों में देहरादून में 26, टिहरी में 11, चमोली में तीन, हरिद्वार में एक व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही अब तक प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 999 हो गयी है । उपचार के बाद स्वस्थ हुए 21 मरीजों को मंगलवार को छुट्टी दे दी गयी । राज्य में अब तक कुल 243 मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी मिल चुकी है । प्रदेश में वर्तमान में संक्रमण के 746 मामले हैं ।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/2Bq5lgy

टैक्सी मालिक से 20 हजार रुपये लूटने वाले तीन पुलिसकर्मी निलंबित

ऋषिकेश, दो जून (भाषा) यहां एक टैक्सी मालिक से बीस हजार रुपये लूटने के आरोपी तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। देहरादून देहात के पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल ने मंगलवार को बताया कि ऋषिकेश के रानीपोखरी पुलिस थाने के तहत जॉलीग्रान्ट पुलिस चौकी के तीन सिपाहियों पर ऋषिकेश निवासी टैक्सी मालिक अभिनव रॉय से कथित तौर पर बीस हजार रुपये लूटने के लिए सोमवार को मुकदमा दर्ज किया गया । डोभाल ने बताया कि तीनों आरोपी सिपाहियों - अजय बिष्ट, पुष्पेंद्र कुमार तथा विनीत को देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अरुण मोहन जोशी ने कल सोमवार को ही तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उन्होंने बताया कि जल्द ही इनकी गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 19 मई को अपराध करते समय तीनों आरोपी ड्यूटी पर नहीं थे। जानकारी के अनुसार, पीड़ित अभिनव रॉय को उन्होंने जॉलीग्रान्ट पुलिस अवरोधक पर रोका और किसी प्रतिबंधित पदार्थ के झूठे मामले में फंसाकर जेल में डालने की धमकी देकर बीस हजार रुपये मांगे। इससे डरकर रॉय ने अपने ऋषिकेश स्थित घर से लाकर ये पैसे इन तीनों सिपाहियों को दे दिए। लूट का शिकार हुए रॉय ने अगले दिन सारा घटनाक्रम देहरादून के एसएसपी जोशी को बताया जिसके बाद उन्होंने इसकी जांच के आदेश दिए।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/3dCOV2J

मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना में अब आनलाइन आवेदन भी

देहरादून, दो जून (भाषा) उत्तराखंड के उद्यमशील युवाओं और कोविड-19 के कारण राज्य में लौटे प्रवासियों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने को लेकर प्रारंभ की गयी मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना की मंगलवार को वेबसाइट शुरू की गयी जिसके जरिए आनलाइन आवेदन भी भरा जा सकता है । योजना की वेबसाइट जारी होने के बाद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के आईटी सलाहकार रवींद्र दत्त ने बताया कि इसके लिए यहां आईटी पार्क स्थित राज्य डेटा केंद्र में सर्वर उपलब्ध (होस्टिंग) कराया गया है। उन्होंने बताया कि योजना में ऑनलाइन आवेदन के लिए आवेदक को वेबसाइट पर पंजीकरण करते हुए लॉग इन आईडी बनानी होगी। इस आईडी से लॉग-इन कर अपने नाम, पता, शैक्षिक योग्यता, मोबाईल नम्बर, पैन नम्बर आदि व्यक्तिगत विवरण के साथ ही प्रस्तावित इकाई, उत्पाद/सेवा, निवेश, वित पोषित बैंक आदि का विवरण देना होगा। इस योजना का आरंभ मुख्यमंत्री रावत ने 28 मई को किया था जिसका उददेश्य उत्तराखंड के उद्यमशील युवाओं और कोविड-19 के कारण राज्य में लौटे प्रवासी कामगारों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना है । यहां जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, दत्त ने बताया कि योजना के तहत कुशल और अकुशल दस्तकारों, हस्तशिल्पकारों और बेरोजगार युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसमें राष्ट्रीयकृत बैंकों, अनुसूचित वाणिज्यिक बैंकों और सहकारी बैंकों के माध्यम से लाभार्थियों को ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग द्वारा योजना के अन्तर्गत मार्जिन मनी की धनराशि अनुदान के रूप में उपलब्ध कराई जायेगी। विनिर्माण क्षेत्र में परियेाजना की अधिकतम लागत 25 लाख रुपये और सेवा व व्यवसाय क्षेत्र के लिए अधिकतम लागत 10 लाख रुपये होगी। बैंक से कर्ज लेने में, जितनी रकम के लिए आपने आवेदन किया है, उसका कुछ प्रतिशत, पहले आपको खुद ही अपनी जेब से बैंक में जमा करना पड़ता है। इसे मार्जिन मनी कहते हैं। एमएसएमई नीति के अनुसार वर्गीकृत श्रेणी 'ए' में मार्जिन मनी की अधिकतम सीमा कुल परियोजना लागत का 25 प्रतिशत, श्रेणी 'बी' में 20 प्रतिशत तथा 'सी' व 'डी' श्रेणी में कुल परियोजना लागत का 15 प्रतिशत तक मार्जिन मनी के रूप में देय होगी। उद्यम के दो वर्ष तक सफल संचालन के बाद मार्जिन मनी अनुदान के रूप में समायोजित की जायेगी। योजना के अन्तर्गत सामान्य श्रेणी के लाभार्थियों द्वारा परियोजना लागत का 10 प्रतिशत जबकि विशेष श्रेणी के लाभार्थियों को कुल परियोजना लागत का पांच प्रतिशत स्वयं के अंशदान के रूप में जमा करना होगा।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/3crAqwW

छुट्टी मिलने के कुछ घंटे बाद महाराज के परिजन फिर एम्स में भर्ती

ऋषिकेश, दो जून (भाषा) उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के परिवार के कोरोना संक्रमित पांच सदस्यों को सोमवार देर शाम घर में पृथक-वास में रहने के लिए छुटटी दिये जाने के केवल दो घंटे बाद ही एम्स, ऋषिकेश में दोबारा भर्ती कर लिया गया। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के जनसंपर्क अधिकारी हरीश थपलियाल ने यहां बताया कि इन पांच कोरोना संक्रमितों ने दोबारा अस्पताल में भर्ती किये जाने का अनुरोध किया था। महाराज के दो पुत्रों, पुत्रवधुओं तथा एक पौत्र को सोमवार को अस्पताल से छुटटी देते समय एम्स प्रशासन ने केंद्र सरकार के उन दिशा-निर्देशों का हवाला दिया था कि जिन मरीजों में बीमारी के लक्षण नहीं नजर आते वे घर में पृथक-वास में रह सकते हैं। महाराज और उनकी पत्नी एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अमृता रावत सहित उनके परिवार के सात सदस्यों को रविवार शाम ऋषिकेश के एम्स में भर्ती कराया गया था। महाराज समेत उनके परिवार और स्टॉफ के 22 सदस्यों में रविवार को आयी जांच रिपोर्ट में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई थी ।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/2MnA2VI

सोमवार, 1 जून 2020

उत्तराखंड: मंत्री सतपाल महाराज परिवार के पांच सदस्य एम्स से डिस्चार्ज, रहेंगे होम क्वारंटीन

देहरादून के परिवार के पांच सदस्यों को एम्स अस्पताल से डिस्चार्ज कर उन्हें होम क्वारंटाइन में रहने की सलाह दी है। यह सभी सदस्य अस्पताल प्रशासन के अनुसार एसिम्टमैटिक (जिस व्यक्ति में रोग के लक्षण नहीं दिखाई दे रहे हों) थे। इसी कारण केंद्र सरकार की गाइड लाइन के आधार पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और उनकी पत्नी अमृता रावत अभी भी एम्स में ही भर्ती हैं। एम्स ऋषिकेश के संकायाध्यक्ष प्रो. यूबी मिश्रा के अनुसार, उनकी पत्नी समेत परिवार के सात सदस्यों को कोरोना संक्रमित पाए जाने पर एम्स ऋषिकेश में भर्ती किया गया था, जहां सभी सदस्यों की विस्तृत जांच की गई। प्रो. यूबी मिश्रा ने बताया कि परिवार के इन सदस्यों को सोमवार शाम डिस्चार्ज कर दिया गया है। उन्हें होम क्वारंटाइन में रहने की सलाह दी गई है, ऐसे मरीज, जिनमें कोविड के लक्षण नहीं दिखाई दे रहे हैं को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की गाइड लाइन के तहत होम क्वारंटाइन में रखा जा सकता है। इसलिए उनके व्यक्तिगत आग्रह पर उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। स्टाफ के 18 लोगों की रिपोर्ट आई नेगेटिव बता दें कि शनिवार को कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज की पत्नी अमृता रावत में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद रविवार को कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, उनके परिवार और स्टाफ के 22 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इनमें महाराज, उनका एक बेटा, दोनों बहुएं और चार साल के पोते के अलावा स्टाफ के 17 लोग शामिल थे। बड़े बेटे की दोबारा से कोरोना जांच कराई जाएगी। वहीं, महाराज के स्टाफ के 18 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/3gFVZxb

उत्तराखंड में कोरोना वायरस के 52 नए मामले सामने आये, कुल मामले बढ़कर 958 हुए

देहरादून, एक जून (भाषा) उत्तराखंड में सोमवार को 52 नए मरीजों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई जिससे प्रदेश में इसके कुल मामले बढ़कर 958 हो गए। प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग द्वारा यहां जारी बुलेटिन के अनुसार नये मामलों में से ज्यादातर बाहर से यात्रा करके प्रदेश में आए व्यक्तियों के हैं। चंपावत में सर्वाधिक 21 नए मरीज मिले हैं जबकि देहरादून में नौ, हरिद्वार में आठ, पिथौरागढ़ में छह, बागेश्वर में पांच और नैनीताल में तीन मरीज मिले हैं। हांलांकि, प्रदेश में 120 मरीजों की ठीक हो जाने के बाद सोमवार को छुटटी दे दी गयी। कुल मिलाकर प्रदेश में अब तक 222 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/36OCiPr

महाराज के पांच परिजनों को अस्पताल से घर पर पृथकवास के लिए भेजा गया

ऋषिकेश, एक जून (भाषा) कोरोना वायरस संक्रमित उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज एवं उनकी पत्नी अमृता को छोड़कर उनके परिवार के पांच परिजनों को सोमवार को एम्स ऋषिकेश से घर पर पृथकवास के लिए भेज दिया गया। एम्स के एक अधिकारी ब्रिगेडियर उदय भास्कर मिश्रा ने यहां बताया कि महाराज के दोनों पुत्रों, दोनों पुत्रवधुओं और डेढ़ वर्षीय पौत्र को बीमारी के लक्षण नहीं पाये जाने के कारण देर शाम घर पर पृथकवास के लिए डिस्चार्ज कर दिया गया। हालांकि, महाराज, उनकी पत्नी एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अमृता अभी एम्स में ही भर्ती हैं। कल रविवार की रात महाराज समेत उनके परिवार के सात सदस्यों को कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि के बाद एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/3eHAgD8