शुक्रवार, 1 मई 2020

14 दिन में कोई नया केस नहीं, देहरादून और नैनीताल रेड से ऑरेंज जोन में बदले

देहरादून पिछले 4 दिन के भीतर देहरादून और नैनीताल में कोई नया केस नहीं आने से भारत सरकार ने शुक्रवार को जारी गाइडलाइन में उत्तराखंड के दो जिलों देहरादून और नैनीताल को रेड ज़ोन से ऑरेंज जोन में शामिल कर दिया है। राज्य के ऊधमसिंहनगर समेत 10 जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है। अब राज्य का सिर्फ हरिद्वार जनपद ही रेड जोन में शामिल रह गया है। हालांकि चिंता वाली बात यह है कि ऋषिकेश में चार नए केस आने के बाद हॉट स्पॉट बढ़ गए हैं। इनमे से एक महिला मरीज की शुक्रवार को मौत हो गई जिसका कारण अस्पताल ने कोरोना नहीं माना है। यहां सामने आए कोरोना पॉजिटिव की ट्रेवल हिस्ट्री न मिलने से भी खतरा बना हुआ है। इसी तरह ऊधमसिंह नगर में दो नए केस मिलने से भी सरकार की चिंता बढी हुई है। हालांकि उत्तराखंड में कोरोना वायरस के संक्रमण से अभी तक राज्य में 9 माह के बच्चे से लेकर भर्ती मरीज तय समय से पहले रिकवर हुए हैं। राज्य में कुल 57 मरीजों में से 38 ठीक हो गए हैं। अब सिर्फ 19 पॉजिटिव लोगों का इलाज चल रहा है। जिनमें से अधिकांश ठीक होने की स्थिति में बताए जाते हैं।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/2KQXOsy

बदरीनाथ धाम के कपाट खोलने तैयारियों में जुटे देवस्थानम बोर्ड कर्मचारी

देहरादून बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग कंचन नाले में हिमखंड टूटने से शुक्रवार को सुबह करीब 11 बजे अवरुद्ध हो गया। इसके बाद सीमा सड़क संगठन ने जेसीबी मशीनों से हिमखंड को हटाकर हाईवे को सुचारु करने का कार्य शुरु कर दिया गया है। हिमखंड टूटने से बदरीनाथ मंदिर से जुड़े अधिकारी, कर्मचारी व नगर पंचायत के लोग वाहनों से बदरीनाथ पहुंचना बाधित हो गया है। बद्रीनाथ की तरफ उससे आगे सीमा को जा रहे सेना व आईटीबीपी के भी वाहन हनुमान चट्टी की ओर फंसे हुए हैं। श्री के कपाट खुलने की तैयारियों के क्रम में देवस्थानम बोर्ड के चुनिंदा कर्मचारी विगत दिनों से कपाट खुलने की व्यवस्थाओं में जुटे हैं। मंदिर परिसर से बर्फ हटायी जा चुकी है। मंदिर पर रंग रोगन भी अंतिम चरण में है। पानी बिजली व्यवसथा भी बहाल की जा चुकी है। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग (शारीरिक दूरी) का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है। गढ़वाल आयुक्त एवं देवस्थानम बोर्ड के सीईओ रमन रविनाथ ने चार धाम में से बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने की तैयारियों हेतु आईएफएस बी. डी. सिंह को आदेश दिया था। कोरोना महामारी से बचाव के तहत जारी सरकारी एडवाइजरी के अनुसार फिलहाल धार्मिक स्थलों में तीर्थ यात्रियों को आने की अनुमति नहीं है। सीमित संख्या में व्यवस्थाओं से जुड़े चुनिंदा लोग ही कपाट खुलने के दौरान श्री बदरीनाथ धाम में उपस्थित रहेंगे। श्री बदरीनाथ धाम के रावल ईश्वरी प्रसाद नंबूदरी ऋषिकेश में 14 दिन केक्‍वारंटीन में हैं एवं वह स्वस्थ हैं, तथा उनके तीन सेवादारों का स्वास्थ्य भी सामान्य है। एम्स ऋषिकेश से उनकी पहली कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आयी है। ऐहतियातन 4 मई को उनका दूसरा कोरोना टेस्ट होना है । सब कुछ सामान्य रहने के पश्चात रावल ईश्वरी प्रसाद नंबूदरी 5 मई को नृसिंह मंदिर जोशीमठ पहुंच जायेंगे। कपाट खुलने के कार्यक्रम के तहत 13 मई बुधवार को नृसिंह मंदिर जोशीमठ से आदि गुरू शंकराचार्य जी की डोली योग-ध्यान बदरी मंदिर पांडुकेश्वर प्रस्थान करेगी। 5 मई को नरेन्द्र नगर के टिहरी राजदरबार से शुरू हो रही तेल कलश यात्रा जिसे गाडू घड़ा यात्रा कहा जाता है, वहा भी 14 मई को योग-ध्यान बदरी मंदिर पांडुकेश्वर से श्री उद्धव जी एवं कुबेर जी के विग्रहों के साथ सांयकाल तक श्री बदरीनाथ धाम पहुंच जायेंगे।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/2KQcyb9

रावत ने केंद्र से 12 विशेष रेलगाडियां चलाने का अनुरोध किया

देहरादून, एक मई (भाषा) उत्तराखण्ड से बाहर फंसे राज्य के लोगों को वापस लाने के लिए मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने रेल मंत्री पीयूष गोयल से विभिन्न मार्गों पर 12 विशेष रेलगाड़ियां चलाने का अनुरोध किया है। यहां जारी एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री रावत ने केंद्रीय मंत्री से दिल्ली से देहरादून, दिल्ली से हल्द्वानी, चंडीगढ़ से देहरादून, लखनऊ से देहरादून, लखनऊ से हल्द्वानी, जयपुर से देहरादून, जयपुर से हल्द्वानी, मुम्बई से देहरादून, मुम्बई से हल्द्वानी, भोपाल से देहरादून, बेंगलुरू से देहरादून और अहमदाबाद से देहरादून के लिए रेलगाड़ियां चलाने का अनुरोध किया है । राज्य से बाहर फंसे उत्तराखंड के लोगों को वापस लाने के संबंध में समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री रावत ने रेल मंत्री से यह अनुरोध किया ।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/3ffQ819

उत्तराखंड के बाहर फंसे 87 हजार लोगों ने कराया पंजीकरण

देहरादून, एक मई (भाषा) लॉकडाउन के कारण उत्तराखंड के बाहर फंसे करीब 87 हजार लोग घर लौटने के लिये सरकार के पास अपना पंजीकरण करा चुके हैं और इनमें से अधिकांश लोग प्रदेश के पर्वतीय जिलों के हैं । मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत द्वारा राज्य के बाहर फंसे उत्तराखंड के लोगों को वापस राज्य में लाने की तैयारियों की समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी गयी । यहां जारी एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य से बाहर फंसे लोगों को वापस लाने की जिम्मेदारी संभाल रहे सचिव शैलेश बगोली ने बताया कि अभी तक 87 हजार लोगों ने उत्तराखंड वापस आने के लिए अपना पंजीकरण कराया है और इनमें से अधिकांश लोग पर्वतीय जिलों के हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि संबंधित राज्यों से समन्वय बनाते हुए सुनियोजित तरीके से सारी व्यवस्था की जाए और इसमें पूरी सावधानी के साथ सामाजिक दूरी, मास्क, सेनेटाइजेशन आदि मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। रावत ने कहा कि वापस लाये जाने वाले लोगों की कोरोना संक्रमण के दृष्टिगत समुचित स्क्रीनिंग की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जारी दिशानिर्देशों के अनुरूप ही सारी कार्यवाही होनी चाहिए । उन्होंने कहा कि राज्य में आने पर यदि होम क्वारंटीन किया जाता है तो यह भी सुनिश्चित किया जाए कि उसका सख्ती से पालन हो। उन्होंने कहा कि इसके लिये आवश्यक होने पर ग्राम प्रधानों को कुछ अधिकार दिये जा सकते हैं।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/3aWc5P6

लॉकडाउन: नैनी झील हुई इतनी साफ, दिखने लगीं मछलियां

नैनीताल कोरोना के डर को कुछ समय के लिए भूल जाइए और प्रकृति की खूबसूरती का अहसास कीजिए। जो अब तक नहीं हुआ वह अब होता दिख रहा है। कोरोना के चलते लॉकडाउन के कारण नैनीताल और भीमताल समेत आसपास के सभी झीलों का पानी करीब 30 फीसदी तक साफ हो गया है। झील के अंदर अब मछलियां साफ दिखाई दे रही हैं। इसे झील की सेहत के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। लॉकडाउन की वजह से इन दिनों नैनीताल में गाड़ियों का संचालन और यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या ना के बराबर है। सालभर यहां पर्यटक समेत बाहर से आने वाले लोगों की रहने वाली आमद भी शून्य है। लॉकडाउन के चलते झील के चारों तरफ स्थित होटलों और लॉज से निकलने वाला पानी और कूड़ा जो नैनी झील में जाता था उसमें रोक लगी हुई है। जानकारों का मानना है कि आजादी के बाद नैनी झील पहली बार इतनी साफ देखी गई है। इस बार नैनी झील का जलस्तर भी लॉकडाउन के चलते शहर में पसरे सन्नाटे से बीते साल के मुकाबले करीब 4 फीट बढ़ा हुआ है। यह साफ है कि आने वाले समय में नैनीताल वासियों को पीने के पानी की किल्लत नहीं होगी। वहीं नैनी झील के जल की गुणवत्ता की बात करें तो पीएच और खारेपन में भी खासी कमी दर्ज हुई है। जल संस्थान के अधिकारियों के अनुसार, पानी का पीएच लेवल में काफी सुधार आया है। पहले नैनी झील के पानी का पीएच लेवल 8.50 मिलीग्राम/लीटर था, जो अब 7.9 मिलीग्राम/लीटर हो चुका है। पानी के खारापन में भी इस दौरान काफी अंतर आया है। पहले पानी की खारेपन 390 मिलीग्राम प्रति लीटर थी, जो अब 350 ग्राम प्रति मिलीलीटर है। पानी में टीडीएस (टोटल डिसॉल्व सॉलिड) की मात्रा पहले 450 एमएमटी था, जो अब 350 रह गई है। लॉकडाउन से पहले झील के पानी में बैक्टीरियल इंफेक्शन की मात्रा 6500 मिलीग्राम/लीटर थी, जो अब 4200 रह गई है। झील में ऑक्सीजन की मात्रा भी बढ़ने लगी है।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/2yk2tAD

बदरीनाथ के कपाट खोले जाने की तैयारियां अंतिम दौर में

देहरादून, एक मई (भाषा) उत्तराखंड के उच्च गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र में स्थित विश्वप्रसिद्ध चारधामों में से एक बदरीनाथ धाम के कपाट नये मुहूर्त पर 15 मई को खोले जाने की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पहले 30 अप्रैल को बदरीनाथ मंदिर के कपाट खोले जाने थे लेकिन कोरोना वायरस संक्रमण के कारण कपाट खोले जाने की तिथि 15 दिन आगे बढ़ा दी गयी थी और 15 मई को तड़के साढ़े चार बजे कपाट खोलने का नया मुहूर्त निकाला गया था। उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम बोर्ड के मीडिया प्रभारी डा हरीश गौड़ ने बताया कि बदरीनाथ के कपाट खुलने की व्यवस्थाओं में कर्मचारी जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया, ‘‘मंदिर परिसर से बर्फ हटायी जा चुकी है। मंदिर पर रंग रोगन का काम भी अंतिम चरण में है। पानी, बिजली ब्यवस्था बहाल की जा चुकी है।’’ उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं की तैयारियों में जुटे कर्मचारियों के लिए सामाजिक दूरी का विशेष ध्यान रखे जाने के अलावा मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है। इस बीच, केरल से ऋषिकेश पहुंचने के बाद 14 दिन तक पृथक रहने की अवधि गुजार रहे बदरीनाथ धाम के रावल (मुख्य पुजारी) ईश्वरी प्रसाद नंबूदरी ऋषिकेश स्वस्थ चल रहे हैं। गौड ने बताया कि ऋषिकेश में स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) से उनकी पहली कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आयी है जबकि चार मई को कोरोना वायरस संक्रमण के लिए उनकी दूसरी जांच भी करायी जायेगी। उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस महामारी से बचाव के तहत जारी सरकारी परामर्श के अनुसार फिलहाल धार्मिक स्थलों में तीर्थयात्रियों को आने की अनुमति नहीं है और इसलिये बदरीनाथ धाम में भी कपाट खुलने के दौरान सीमित संख्या में लोग मौजूद रहेंगे। चारधामों में से अन्य तीनों धामों के कपाट पहले ही खुल चुके हैं । अक्षय तृतीया के पर्व पर 26 अप्रैल को उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिर के कपाट खुले थे जबकि 29 अप्रैल को रूद्रप्रयाग में केदारनाथ धाम के कपाट भी खोल दिए गये। गढवाल हिमालय के चारधाम के नाम से प्रसिद्ध इन मंदिरों के कपाट सर्दियों में भीषण ठंड और भारी बर्फबारी के कारण हर साल अक्टूबर—नवंबर में बंद कर दिये जाते है और अप्रैल—मई में फिर से खोले जाते है।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/2zOAsl9

एम्स ऋषिकेश में कोरोना वायरस संक्रमित मरीज की मौत

देहरादून, एक मई (भाषा) उत्तरराखंड के ऋषिकेश में स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कोरोना वायरस से संक्रमित एक महिला मरीज की शुक्रवार की सुबह विभिन्न अंगों के काम नहीं करने के कारण मौत हो गई। उत्तराखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग के एक प्रवक्ता ने दावा किया कि महिला मस्तिष्काघात से पीड़ित थी और उसकी मौत कोविड-19 से नहीं बल्कि विभिन्न अंगों के काम नहीं करने के कारण हुई है। उन्होंने कहा कि इस महिला को नैनीताल और उसके बाद बरेली से रेफर कराकर एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया था। प्रवक्ता ने बताया कि 56 वर्षीय इस महिला को एम्स ऋषिकेश में 22 अप्रैल को भर्ती कराया गया था और 28 अप्रैल को जांच रिपोर्ट में इसके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/3d5GI6q