बुधवार, 3 जून 2020

उत्तराखंड में खुलेंगे तीन मेडिकल कॉलेज : मुख्यमंत्री रावत

देहरादून, तीन जून (भाषा) कोविड-19 की चुनौती को देखते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बुधवार को प्रदेश में तीन नए मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा की। उन्होंने यहां स्काइप के जरिए संवाददाताओं से बातचीत में बताया कि तीन मेडिकल कॉलेज उधमसिंह नगर, पिथौरागढ़ और हरिद्वार जिले में खोले जाएंगे। रावत ने कहा कि तीनों के निर्माण के लिए कार्यदायी संस्थाएं निर्धारित कर दी गयी हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जल्दी ही निविदा जारी कर भवन निर्माण होगा और कॉलेज शुरू किए जाएंगे। प्रदेश में चिकित्सकों की कमी के बारे में पूछे जाने उन्होंने कहा कि वर्तमान में हमारे पास 2300-2400 डॉक्टर हैं। उन्होंने कहा कि हमने चिकित्सकों की पर्याप्त संख्या में भर्ती की है और यह प्रक्रिया अभी जारी है। रावत ने कहा कि पैरामेडिकल और सहयोगी चिकित्सा स्टाफ की भर्ती हुई है और इसके लिए जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (सीएमओ) को जरुरत के अनुरुप ऐसी भर्तियों करने के लिए अधिकृत किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ रहे हैं लेकिन हमारी पूरी तैयारी है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 की चुनौती का सामना करने के लिए सभी जिलों के अस्पतालों में पर्याप्त बिस्तरों की व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि 14,000 बिस्तर संस्थागत केन्द्रों में उपलब्ध हैं, इसके अलावा आइसीयू और वेंटिलेटर की संख्या में भी इजाफा किया गया है। भारत सरकार द्वारा आठ जून से धार्मिक स्थानों को खोलने की अनुमति दिए जाने का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा को सीमित, नियंत्रित और सुरक्षित रूप से शुरू करने पर विचार किया जा रहा है और परिस्थितियों के अनुरूप इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण महामारी से उत्पन्न परिस्थितियों में अभी तक लगभग दो लाख लोग प्रदेश लौटे हैं, उनका विवरण तैयार किया जा रहा है।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/2XtRAGg

कोविड-19 से अत्यधिक प्रभावित शहरों से उत्तराखंड आने वालों की पृथक-वास अवधि 21 दिन की हुई

देहरादून, तीन जून (भाषा) उत्तराखंड में कोरोना वायरस संक्रमण के लगातार बढते ग्राफ के बीच राज्य सरकार ने देश के कोविड-19 से अत्यधिक प्रभावित 75 शहरों से आने वाले सभी लोगों के लिए अनिवार्य पृथक-वास की अवधि बढाकर 21 दिन कर दी है। इस संबंध में बुधवार को जारी आदेश में मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने कहा है कि कोविड-19 से अत्यधिक प्रभावित 75 शहरों से किसी भी तरीके से यात्रा कर राज्य में आने वाले सभी व्यक्तियों को सात दिन के लिए संस्थागत पृथक-वास और उसके बाद 14 दिन के लिये घर में पृथक-वास में रहना अनिवार्य होगा। हालांकि, संस्थागत पृथक-वास के दौरान व्यक्ति को विकल्प दिया गया है कि वह नि:शुल्क सरकारी केन्द्र या चिह्नित किए गए सशुक्ल केन्द्रों में रह सकते हैं। कोविड-19 से अत्यधिक प्रभावित शहरों के अलावा अन्य शहरों से आने वाले लोगों को केवल 14 दिन घर में पृथक-वास में रहना होगा। कोविड-19 से अत्यधिक प्रभावित 75 शहरों में दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, आगरा, लखनउ, मेरठ, वाराणसी, चेन्नई तथा हैदराबाद आदि शामिल हैं। इसके अलावा, राज्य के अंदर विभिन्न जिलों के बीच आवागमन के लिए जारी दिशा निर्देशों के अनुसार, रेड जोन में चिन्हित जिलों को छोड़कर, ऑरेंज एवं ग्रीन जोन में शामिल जिलों में आने-जाने के लिए किसी परमिट की जरुरत नहीं होगी। लेकिन, सभी लोगों को आवागमन से पहले बेव पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज करनी होगी।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/2U3A89g

मंगलवार, 2 जून 2020

उत्तराखंड में कोरोना वायरस से संक्रमित व्यक्ति की मौत, मामले एक हजार के पार

देहरादून, दो जून (भाषा) उत्तराखंड में कोरोना वायरस से संक्रमित एक और व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि मंगलवार को 85 नए मामले सामने आने से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 1043 हो गयी । प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, नैनीताल जिले के हल्द्वानी में स्थित सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज में सोमवार रात संक्रमित व्यक्ति की मृत्यु हो गयी । हालांकि, अस्पताल द्वारा उपलब्ध कराई गई रिपोर्ट में मौत का कारण दिल से जुड़ी बीमारी बताया गया है । यह मरीज चंपावत जिले का रहने वाला था । बताया जा रहा है कि व्यक्ति हाल में मुंबई से आया था और मधुमेह जैसी कुछ अन्य बीमारियों से भी पीड़ित था । कुल मिलाकर उत्तराखंड में अब तक सात संक्रमित मरीजों की मृत्यु हो चुकी है । बुलेटिन के अनुसार, प्रदेश में संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच मंगलवार को 85 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई । नये मामलों में देहरादून में 37, नैनीताल में 22, टिहरी में 14, चमोली में छह, पौडी में तीन, रूद्रप्रयाग में दो और हरिद्वार में एक मरीज मिला है जिसके बाद प्रदेश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1043 हो गयी । मंगलवार को सामने आये अधिकतर मामलों में संक्रमित मरीज मुंबई, पुणे, दिल्ली आदि स्थानों से यात्रा करके प्रदेश में आए हैं। हालांकि, देहरादून में चार मरीज सब्जी मंडी में पहले से संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आए थे । प्रदेश में उपचार के बाद स्वस्थ हुए 30 मरीजों को मंगलवार को छुट्टी दे दी गयी । प्रदेश में अब तक 252 मरीजों को उपचार के बाद छुट्टी मिल चुकी है ।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/3gOfeVy

सतपाल महाराज संग बैठक में शामिल मंत्रियों और अधिकारियों की सैंपलिंग अभी नहीं : डीएम देहरादून

सरकार में मंत्री के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद उनके साथ कैबिनेट बैठक में शामिल मंत्रियों और अधिकारियों में से किसी के भी सैंपल अभी नहीं लिए गए हैं। देहरादून के डीएम डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि की गाइडलाइन के अनुसार सभी पर प्रशासन नजर बनाए हुए है। इसमें से अगर किसी में कोई लक्षण मिलते हैं तो ही उनका सैंपल लेकर जांच कराई जाएगी। इस दौरान डीएम ने प्राइवेसी का मामला बताते हुए यह भी जानकारी देने से इंकार कर दिया कि कैबिनेट में शामिल किन-किन लोगों को कोरोना संक्रमण के खौफ के चलते क्वारंटीन किया गया है। सूत्रों के अनुसार, काबीना मंत्री सतपाल महाराज के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद राज्य कैबिनेट की बैठक में शामिल हुए मुख्यमंत्री समेत 27 मंत्री और अफसरों को लो-रिस्क में माना गया है। जिन तीन कर्मियों ने कैबिनेट की बैठक में महाराज को चाय-नाश्ता परोसा, उन्हें हाई-रिस्क में माना गया है। लो-रिस्क कॉन्टेक्ट वाले लोगों को क्वारंटीन में छूट दी गई है, जबकि हाई-रिस्क वाले सभी लोगों को क्वारंटीन कराने की तैयारी शुरू कर दी है। कैबिनेट की बैठक में शामिल लोगों की सूची मांगी डीएम डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने शासन से राज्य कैबिनेट की बैठक में शामिल लोगों की सूची मांगी थी, ताकि उनके संपर्क में आए लोगों के बारे में पता लगाया जाए। शासन से प्राप्त सूचीऔर अन्य प्रमाण पर डीएम ने स्वास्थ्य विभाग से रिस्क का आकलन कराया। डीएम डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कैबिनेट की बैठक में महाराज सीधे तौर पर किसी के भी संपर्क में नहीं आए। ऐसे में बैठक में हिस्सा लेने वाले सभी लोग लो-रिस्क में पाए गए हैं। कबीना मंत्री के बैठकों का ब्यौरा जुटाया डीएम के अनुसार संक्रमण की पुष्टि से पहले कबीना मंत्री ने जिन-जिन बैठकों में हिस्सा लिया था उनके बारे में भी प्रशासन ने जानकारी जुटाई है और हाई रिस्क कोंटेक्ट और लो रिस्क कोंटेक्ट में आए लोगों की छानबीन शुरू कर दी है। बीते दिन ऋषिकेश एम्स से पहले सतपाल महाराज के पांच परिजनों को होम क्वारंटीन के लिए डिस्चार्ज कर बाद में फिर से उन्हें अस्पताल में भर्ती करने का क्या कारण था, इस बारे में डीएम ने कहा कि इसका कारण अस्पताल प्रशासन ही बेहतर बता सकता है। महाराज के परिवार के 5 सदस्यों को डिस्चार्ज करने पर अब सफाई दूसरी तरफ एम्स ऋषिकेश की ओर से उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के परिवार के पांच सदस्यों को डिस्चार्ज करने पर अब सफाई दी गई है। संस्थान के स्टाफ ऑफिसर डा. मधुर उनियाल का दावा है कि मंत्री के परिवार के सदस्यों के घर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की रिवाइज गाइडलाइन के मुताबिक होम क्वारंटीन के मुकम्मल इंतजाम नहीं थे। उनके एम्स वापस पहुंचने के बाद उन्हें अब दोबारा कोविड एरिया में भर्ती कर दिया गया है। स्टाफ ऑफिसर का यह भी कहना है कि किसी और को संक्रमण न फैले, इसके लिए एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/2Bsy5VZ

चारधाम यात्रा आठ जून से सीमित तरीके से शुरू होगी

देहरादून, दो जून (भाषा) उत्तराखंड सरकार ने मंगलवार को कहा कि आठ जून से चारधाम यात्रा सीमित तरीके से शुरू हो जाएगी । प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और राज्य सरकार के प्रवक्ता मदन कौशिक ने यहां बताया कि हम आठ जून से चारधाम यात्रा शुरू करने की तैयारियों में जुटे हुए हैं । उन्होंने कहा कि यह यात्रा शुरूआत में सीमित तौर पर शुरू होगी और बाद में अन्य राज्य सरकारों से बातचीत करने के बाद इसको दूसरे राज्यों के तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए भी खोल दिया जाएगा । कौशिक ने कहा, ‘'हम चारधाम यात्रा शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं । हम आठ तारीख के बाद इसे सीमित संख्या में शुरू करेंगे।’' उत्तराखंड में उच्च हिमालयी क्षेत्रों में स्थित बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिर एक—डेढ माह पहले खुल चुके हैं लेकिन कोरोना संकट के चलते उन्हें अभी श्रद्धालुओं के लिए नहीं खोला गया है । यह पहला अवसर होगा जब महामारी के चलते तीर्थयात्री चारधामों के दर्शन से वंचित हैं । गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट 24 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पर्व पर खोले गये थे जबकि केदारनाथ मंदिर के कपाट 29 अप्रैल को और बदरीनाथ के द्वार 15 मई को खोले गये थे । कौशिक ने कहा कि हम अन्य राज्य सरकारों से बसें चलाने के संबंध में विचार करेंगे और उसके बाद ही वहां के राज्यों के श्रद्धालु और पर्यटक हमारे यहां आ पाएंगे । उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा शुरूआती दौर में सीमित ही होगी ।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/2zTgNAP

कोविड-19 से संक्रमित मोहेना ने कहा, काफी मुश्किल समय है ये

देहरादून, दो जून (भाषा) “ये रिश्ता क्या कहलाता है” से मशहूर हुई अभिनेत्री और डांस कोरियोग्राफर मोहेना कुमारी सिंह ने मंगलवार को कहा कि कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद वह और उनका परिवार ढंग से सो भी नहीं पा रहे हैं।मोहेना ने पिछले साल यानी अक्टूबर 2019 में उत्तराखंड सरकार में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के बेटे सुयश रावत से शादी की थी। वह रविवार को ऋषिकेश के एक अस्पताल में भर्ती हुई।मोहेना ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट डाल कर अपना इस बीमारी का अनुभव साझा किया। मोहेना ने लिखा, 'सो नहीं पा रही हूं... शुरुआत के ये दिन काफी मुश्किल भरे हैं खासकर घर के सबसे छोटे और बड़े लोगों के लिए। लेकिन मैं प्रार्थना कर रही हूं कि जल्दी सब ठीक हो जाए। हमें शिकायत करने का अधिकार नहीं है क्योंकि बाहर कई लोग हमसे कहीं ज्यादा परेशानियां झेल रहे हैं। लेकिन मैं उन सभी लोगों को शुक्रिया करना चाहूंगी जो हमारे लिए दुआ कर रहे हैं और लगातार अपना प्यार हमें भेज रहे हैं। ये हमें हिम्मत देता है। आप सभी का दिल से बेहद आभार।” सतपाल महाराज बीते शुक्रवार को मंत्रिमंडल की बैठक में शामिल हुए थे। बैठक में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत समेत सभी तीन कैबिनेट सदस्य शामिल थे। महाराज में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद रावत ने पृथक-वास में जाने का निर्णय ले लिया है। सतपाल महाराज, उनकी पत्नी तथा परिवार के 21 अन्य सदस्य संक्रमित पाए गए हैं।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/2XubQYp

टैक्सी मालिक से 20 हजार लूटने वाले 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड

ऋषिकेश उत्तराखंड के ऋषिकेश में एक टैक्सी मालिक से पुलिसवालों के पैसे लूटने का मामला सुर्खियों में रहा था। अब इस मामले में आरोपी तीन पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है। तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। देहरादून देहात के पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल ने मंगलवार को बताया कि मामला ऋषिकेश के रानीपोखरी थाना क्षेत्र का है। जॉलीग्रान्ट पुलिस चौकी के तीन सिपाहियों पर ऋषिकेश निवासी टैक्सी मालिक अभिनव रॉय से कथित तौर पर बीस हजार रुपये लूटने के लिए सोमवार को मुकदमा दर्ज किया गया। डोभाल ने बताया कि तीनों आरोपी सिपाहियों- अजय बिष्ट, पुष्पेंद्र कुमार और तथा विनीत को देहरादून के एसएसपी अरुण मोहन जोशी ने सोमवार को ही तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। उन्होंने बताया कि जल्द ही इनकी गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 19 मई को वारदात के वक्त तीनों आरोपी ड्यूटी पर नहीं थे। जानकारी के अनुसार पीड़ित अभिनव रॉय को उन्होंने जॉलीग्रान्ट पुलिस बैरियर पर रोका। उन्हें किसी प्रतिबंधित पदार्थ के झूठे मामले में फंसाकर जेल में डालने की धमकी देते हुए बीस हजार रुपये मांगे गए। इससे डरकर रॉय ने अपने ऋषिकेश स्थित घर से लाकर ये पैसे इन तीनों सिपाहियों को दे दिए। लूट का शिकार हुए रॉय ने अगले दिन सारा घटनाक्रम देहरादून के एसएसपी जोशी को बताया। इसके बाद उन्होंने मामले की जांच के आदेश दिए।


from Uttarakhand News in Hindi, Uttarakhand News, उत्तराखंड समाचार, उत्तराखंड खबरें| Navbharat Times https://ift.tt/2ABqZhd